इंदौर: कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशानुसार आबकारी विभाग इंदौर द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध सतत अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई की गई.गत दिवस 11 अप्रैल 2026 को कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल तथा उड़नदस्ता प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी कमलेश सोलंकी एवं सी. के. साहू के नेतृत्व में आबकारी वृत्त मालवा मिल ‘बी’, छावनी, भोई मोहल्ला, राज मोहल्ला एवं आंतरिक-2 की संयुक्त टीम द्वारा सब्जी मंडी क्षेत्र में स्थित ढाबों पर सघन जांच अभियान चलाया गया.
कार्रवाई के दौरान पिंड पंजाब ढाबा, ढाबा शाबा सहित अन्य ढाबों पर एक साथ दबिश दी गई. जांच में अवैध रूप से मदिरा पान कराए जाने के प्रकरण सामने आए, जिस पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 4 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए.पंजीकृत प्रकरणों में कुल 4.625 लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 हजार रुपये आंकी गई है. आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी.
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सुनील कुमार मालवीय, मीना माल, त्रिअंबिका शर्मा एवं जया मुजालदे की प्रमुख भूमिका रही. साथ ही आबकारी आरक्षक ओम प्रकाश साहू, किशन रघुवंशी, उस्मान मिर्जा एवं अंकिता का सराहनीय योगदान रहा. आबकारी विभाग ने आमजन से अपील की है कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं सेवन से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
