
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने आज कहा कि टीकमगढ़ ज़िले के ग्राम लखेरी में एक हृदय विदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा गांव के निवासी सरवन अहिरवार की बिजली की डीपी (डिस्ट्रीब्यूशन पैनल) से चिपककर दर्दनाक मौत हो गई। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि बताया जा रहा है कि सरवन करीब 5 से 6 घंटे तक उसी स्थिति में पड़े रहे, जिससे घटना की संवेदनशीलता और ज़िम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
जिससे घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर गहरी नाराज़गी है। उन्होंने कहा कि आरोप है कि बिजली सप्लाई बंद किए बिना सरवन को डीपी से संबंधित काम में लगाया गया, जो नियमानुसार घोर लापरवाही की श्रेणी में आता है। इससे यह साफ है कि इस मामले में नीचे से ऊपर तक कई कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग हो रही है।
सरवन अहिरवार के बड़े भाई से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार को पीड़ित परिवार के भरण-पोषण से जुड़ी सभी मांगें पूरी करनी होंगी, क्योंकि यह घटना स्पष्ट रूप से अधिकारियों की चूक का परिणाम है। परिवार ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवज़ा प्रदान किए जाने की मांग की है।
घटना पर शोक व्यक्त करते हुए उमा ने कहा कि सरवन अहिरवार की यह दर्दनाक मृत्यु केवल दोषी कर्मचारियों या अधिकारियों की नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक चेतावनी है कि ऐसी लापरवाहियाँ कितनी भारी पड़ सकती हैं। उन्होंने सरवन को श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों के साथ खड़े होने का संकल्प भी व्यक्त किया।
