इंदौर:सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती के बाद आजाद नगर के एक डॉक्टर को ठगों ने ऐसा जाल में फंसाया कि उनसे अलग अलग किस्तों में 6 लाख 11 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए. फेसबुक पर डॉ. आयशा खान नाम की फर्जी प्रोफाइल से दोस्ती करने वाली महिला ने खुद को सीरिया की डॉक्टर बताया. भारत आने और दिल्ली एयरपोर्ट पर सामान अटकने की कहानी सुनाकर बाद में कस्टम और आरबीआई अधिकारी बनकर डॉक्टर से रकम ऐंठ ली गई.
आजाद नगर निवासी डॉ. अयाज अहमद कुरैशी की कुछ समय पहले फेसबुक पर डॉक्टर आयशा खान नाम की प्रोफाइल से पहचान हुई थी. बातचीत बढ़ने पर महिला ने खुद को सीरिया में डॉक्टर बताया और वहां के युद्ध जैसे हालात के कारण भारत शिफ्ट होने की बात कही, इसके बाद ठगी का अगला चरण शुरू हुआ. डॉक्टर को फोन कर बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर महिला का कीमती सामान और मेडिकल उपकरण कस्टम विभाग ने रोक लिए हैं. सामान छुड़ाने के नाम पर कभी कस्टम अधिकारी तो कभी आरबीआई अधिकारी बनकर डॉक्टर को कॉल किए. अलग अलग औपचारिकताओं और शुल्क के नाम पर उनसे रकम मांगी जाती रही. फेसबुक प्रोफाइल और फोन पर हुई बातचीत पर भरोसा करते हुए डॉक्टर ने महिला द्वारा बताए गए अलग अलग बैंक खातों में 6.11 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए. इसके बाद भी जब आरोपियों ने और रुपए मांगे तो उन्हें ठगी का शक हुआ और उन्होंने शिकायत की.
पुलिस कर रही खातों की जांच
मामला जांच के लिए पहले स्टेट साइबर सेल पहुंचा था. वहां से प्रकरण आजाद नगर थाने भेजे जाने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली. अब पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें रकम गई है. साथ ही ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबरों और फेसबुक प्रोफाइल से जुड़े तकनीकी साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं. मामले में आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश भदौरिया ने नव भारत को बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया है, जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई और जिन मोबाइल नंबरों से कॉल आए, उनकी जांच की जा रही है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं.
