
छतरपुर। खजुराहो में 8 और 9 दिसंबर को होने वाले महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रमों को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। इसी के तहत सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी, आईजी सागर रेंज हिमानी खन्ना, कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एसपी अगम जैन ने मंगलवार को खजुराहो के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए सुनिश्चित किया कि सभी तैयारियां समय पर और सुचारू रूप से पूरी हों।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 8 दिसंबर को महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में विभागीय समीक्षा बैठक और 9 दिसंबर को मंत्रिपरिषद की कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। लगातार दो दिन तक चलने वाले इन बड़े आयोजनों को लेकर शहर में सुरक्षा और प्रबंधन दोनों की विशेष तैयारी की जा रही है।
इसके अलावा, 9 दिसंबर को तहसील राजनगर के पास सत्ती की मड़िया परिसर में लाड़ली बहना सम्मेलन का भी आयोजन किया जाना है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। अधिकारियों ने सम्मेलन स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत मूल्यांकन किया।
तैयारियों को मिला टॉप-लेवल रिव्यू
अधिकारियों ने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, ट्रैफिक प्लान, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट तक हर बिंदु की समीक्षा की।
संबंधित विभागों को मौके पर ही निर्देश दिए गए कि—
व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त हों
सुरक्षा व्यवस्था चौकस रहे
भीड़ प्रबंधन का पूरा प्लान तैयार रखा जाए।
