इंदौर:डीआरपी लाइन में पदस्थ महिला कॉन्स्टेबल प्रिया यादव की आत्महत्या के तीन दिन बाद उनके परिजन शनिवार को इंदौर पहुंचे. परिजनों के प्रारंभिक बयान सामने आने के बाद पुलिस अब उनके निजी रिश्तों और आसपास के हालात को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है. वहीं आज उसका पोस्टमार्टम भी होगा.शनिवार सुबह करीब 9 बजे प्रिया की मां, भाई और मामा का बेटा मनीष एरोड्रम थाने पहुंचे.
यहां एएसआई मनोज कुमार ने उनसे विस्तृत बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी ली. मनीष ने पुलिस को बताया कि प्रिया ने परिवार के साथ कुछ समय पहले कवींद्र नाम के युवक का जिक्र किया था, जो पास के ही गांव का रहने वाला है. हालांकि परिजन यह नहीं जानते थे कि दोनों एक ही कमरे में रहते थे. अधिकारी अब इस जानकारी को भी जांच का हिस्सा बना रहे हैं. पुलिस का मानना है कि परिजनों के बयान से आत्महत्या के कारणों की दिशा स्पष्ट हो सकती है. थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल एविडेंस के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
