भोपाल, 03 फरवरी (वार्ता) रेलवे ने यात्रियों को आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चर्लपल्ली और दानापुर के बीच कुंभ मेला विशेष ट्रेन 01-01 ट्रिप चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के भोपाल रेल मंडल के इटारसी स्टेशन पर ठहरकर अपने गंतव्य तक जाएगी।
भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता ने आज बताया कि गाड़ी संख्या 07077 चर्लपल्ली-दानापुर कुंभ मेला विशेष ट्रेन 07 फरवरी को चर्लपल्ली स्टेशन से दोपहर 15.00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 06.05 बजे इटारसी और मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए उसी दिन रात 23.55 बजे दानापुर स्टेशन पहुंचेगी।
इसीतरह गाड़ी संख्या 07078 दानापुर-चर्लपल्ली कुंभ मेला विशेष ट्रेन 09 फरवरी को शाम 15.15 बजे दानापुर स्टेशन से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 07.10 बजे इटारसी और मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए उसी दिन रात 23.45 बजे चर्लपल्ली स्टेशन पहुंचेगी।
यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में जंगाओं, काज़ीपेट जंक्शन, पेद्दापल्ली, रामगुंडम, मंचेरियल, बेलमपल्ली, सिरपुर कागजनगर, बल्हारशाह, चंद्रपुर, सेवाग्राम, नागपुर जंक्शन, इटारसी जंक्शन, पिपरिया, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेगी।
इस विशेष ट्रेन में 3 शयनयान श्रेणी, 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 11 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (इकोनॉमी) और 1 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के डिब्बे सहित कुल 19 डिब्बे होंगे।
