37वीं फेडरेशन कप हैंडबॉल चैंपियनशिप आज से

लखनऊ, (वार्ता) नवाबों के शहर लखनऊ में आज से शुरू होने वाली 37वीं फेडरेशन कप हैंडबॉल (पुरुष व महिला) चैंपियनशिप दस दिसंबर तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हाल में होगी।

चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश की पुरुष व महिला टीम का चयन शुक्रवार को किया गया। टीम में चयनित खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल ने हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा.आनन्देश्वर पाण्डेय की मौजूदगी में किट प्रदान करते हुए चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय ने दोनों टीमों की घोषणा की।

चैंपियनशिप में मेजबान उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की टीमें खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी। लीग कम नाकआउट आधार पर होने वाली इस चैंपियनशिप के मैचों का सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय के अनुसार दोनों वर्गो में प्रतिभागी टीमों को दो-दो पूल में बांटा गया है। हर पूल की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।

पुरुषों में पूल ए में उत्तर प्रदेश सहित गुजरात, दिल्ली, बिहार व सीआरपीएफ जबकि पूल बी में जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, बीएसएफ व सीआईएसएफ को जगह मिली है। महिलाओं में पूल ए में राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश व बीएसएफ जबकि पूल बी में उत्तर प्रदेश सहित पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु व बिहार को जगह मिली है।

पहले दिन पुरुष व महिला वर्ग के कुल मिलाकर 12 मैच खेले जाएंगे। मैच सुबह सुबह 11 बजे शुरू होंगे जबकि औपचारिक उद्घाटन दोपहर 12:30 बजे होगा। चैंपियनशिप के प्रायोजकों में टाटा ग्रीन बैट्रीज, भारतीय युवा परिषद, स्वतंत्र गर्ल्स डिग्री कॉलेज लखनऊ, राजेश मसाले व श्यामा हैंडबॉल अकादमी के साथ एजुकेशनल पार्टनर बीबीडी ग्रुप व ऑफिशियल बॉल पार्टनर वेक्टर एक्स है।

 

 

Next Post

जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी टीमों ने मदुरै में जल्लीकट्टू का एक्शन देखा

Sat Dec 6 , 2025
मदुरै, (वार्ता) शायद अपनी ज़िंदगी में पहली बार, चल रहे हॉकी मेन्स जूनियर वर्ल्ड कप के मदुरै लेग में हिस्सा लेने वाली टीमों ने आज तमिलनाडु के मशहूर पारंपरिक खेल – जल्लीकट्टू (सांडों को काबू करना) – को कलैग्नार शताब्दी जल्लीकट्टू अखाड़े में देखा। अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को इस लोकप्रिय ग्रामीण […]

You May Like