मिस इंडिया और अभिनेत्री नफीसा अली की जिंदगी संघर्ष और हिम्मत की मिसाल है। अलग धर्म में शादी के चलते सास और समाज के विरोध का सामना करने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी।
पूर्व मिस इंडिया और जानी-मानी अभिनेत्री नफीसा अली आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। 18 जनवरी 1957 को जन्मीं नफीसा अली का जीवन जितना ग्लैमरस दिखता है, उतना ही संघर्षों से भरा भी रहा है। उन्होंने न सिर्फ प्रोफेशनल लाइफ में बल्कि पर्सनल लाइफ में भी कई कठिन दौर देखे, लेकिन हर बार मजबूती के साथ उनसे बाहर निकलीं।
नफीसा अली एक मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखती थीं, जबकि उनके पति रविंदर सिंह सोढ़ी सिख आर्मी ऑफिसर थे। दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे, लेकिन उस दौर में अलग धर्म में शादी करना आसान नहीं था। रविंदर की मां इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थीं। उन्हें न सिर्फ बहू का धर्म मंजूर नहीं था, बल्कि यह बात भी नागवार गुजरी कि नफीसा एक अभिनेत्री थीं। परिवार की असहमति के बावजूद नफीसा और रविंदर ने अपने प्यार के लिए समाज से लड़ने का फैसला किया।
