
इंदौर: शहर के पूर्वी हिस्से में पालदा चौराहे से आरटीओ तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है. उक्त मार्ग पर रोज छोटे बड़े वाहनों का भारी आवागमन है. निर्माण कार्य के चलते ऊबड़ खाबड़ सड़क और गड्ढे होने से क्षेत्रीय रहवासियों के लिए दुर्घटना होने के खतरा बढ़ गया है.पालदा चौराहे से नए आरटीओ कार्यालय तक पीडब्ल्यूडी करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण किया जा रहा है.
इस सड़क पर आए दिन दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फिसलकर गिर रहे हैं. बड़े वाहन और ट्रक के कारण घंटों जाम लगा रहता हैं. राहगीरों का कहना है कि काम प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था दोनों ही कमजोर हैं, जिसके कारण आम नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि डायवर्शन, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है.
सहयोग नहीं मिल रहा
पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री जयदेव गौतम ने बताया कि सड़क बनाने में भारी परेशानी है. क्षेत्र में कई बस्ती है और कॉलोनियों के रहवासी बेरिकेट्स हटाकर सड़क की नई सर्फेस पर वाहन चला देते है. सबको जल्दी है. काम करेंगे तो परेशानी उठाना पड़ेगी. सर्फेस पर हम तरी ही नहीं कर पा रहे हैं. वाहन चालक व क्षेत्रीय रहवासियों का बिल्कुल सहयोग नहीं मिल रहा है. इल्जाम भी हम पर लगेगा कि सड़क अच्छी नहीं बनाई.
