
सीहोर। जिले के अहमदपुर थाना क्षेत्र में बाइक से दो महिलाओं के साथ जा रहे युवक को पीछे से आ रही एक स्कार्पियो ने ओवरटेक करके रोका. जब तक लोग माजरा समझ पाते तब तक स्कार्पियो में से उतरे लोगों ने युवक को स्कार्पियो में पटका और भोपाल की तरफ चल दिए. दिन- दहाड़े अपहरण की घटना से पुलिस सकते में आ गई. आनन- फानन में वाहन का पीछा किया गया. बाद में पता चला कि युवक को बिहार की पुलिस ने उठाया है. जिसकी बैंक चोरी के मामले में पुलिस को काफी दिन से तलाश थी.
बुधवार दोपहर के समय उस समय ग्राम अहमदपुर के समीप अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पुलिस को सूचना मिली कि अहमदपुर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास से एक युवक को कुछ लोग अपहरण कर भोपाल की ओर लेकर गए हैं. जिस वक्त यह घटनाक्रम घटित हुआ उस वक्त जिला पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला अहमदपुर थाने में ही मौजूद थे. युवक के साथ बाइक से आई महिला ने डायल 112 पर इसकी सूचना दी. जिसके बाद जिलेभर की पुलिस अलर्ट हो गई. पुलिस ने वायरलेस पर मैसेज भेजा, लेकिन बाद में पता चला कि सफेद स्कॉर्पियो में बिहार पुलिस थी जो ढाई महीने से बैंक में चोरी के एक बदमाश की तलाश में थे. वे आरोपी युवक को ट्रेस कर रहे थे, उन्हें आरोपी युवक की लोकेशन अहमदपुर में मिली तो उन्होंने युवक को दबोच लिया और बिहार के लिए रवाना हो गए. इसकी सूचना बिहार पुलिस ने अहमदपुर थाने पर भी दी. युवक विदिशा जिले के रायपुर का बताया जाता है.
उल्लेखनीय है कि बिहार के अरवल जिले के करपी थाना मुख्यालय स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक से 20 सितंबर दोपहर 1.27 बजे चोरों ने 17 लाख 66 हजार 840 रुपए से भरा बैग चुरा लिया था. उस वक्त बैंक कैशियर शशांक शिवम कैश केबिन में रुपए छोड़कर बगल में चले गए थे. तभी मौके का फायदा उठाते हुए तीन संदिग्ध युवक कैश केबिन में घुसकर रुपए से भरा थैला लेकर भाग निकले.
बताया जाता है कि घटना के करीब 15 मिनट बाद कैशियर जब वापस आए तो उन्हें थैला गायब होने का पता चला उन्होंने चोरी की जानकारी शाखा प्रबंधक को दी। करीब एक घंटे के बाद पुलिस थाने को सूचना दी गई. पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेते हुए फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की. बताया जाता है कि बिहार पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया था, लेकिन तीसरे आरोपी की पुलिस को तलाश थी. आखिरकार ढाई महीने बाद बुधवार को तीसरा आरोपी समीर बिहार पुलिस के हत्थे चढ़ा. बताया जाता है कि पुलिस आरोपी को अरवल लेकर रवाना गई है. आरोपी पारदी समाज का बताया जाता है. उसे पुलिस अरवल ले जाकर पूछताछ करेगी.
गमी में शामिल होकर लौट रहा था युवक
बताया जाता है कि आरोपी युवक पारदी समाज का है, जो आष्टा में गमी में शामिल होकर वापस लौट रहा था. बाइक पर पीछे एक महिला व बच्ची भी बैठी थीं. तभी अहमदपुर थाने से आधा किमी दूर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास दोपहर ठीक 1.30 बजे बैरसिया की तरफ से सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी आई और बाइक को रोका. कार से उतरे लोगों ने बाइक सवार युवक को पकड़ा और स्कार्पियो में पटक लिया. इसके बाद स्कार्पियो कार तेजी से भोपाल की तरफ चली गई. घटना के बाद बाइक पर सवार महिला और बच्ची रोती रहीं. उन्होंने 112 पर पुलिस को सूचना दी। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था. अन्य ग्रामीणों ने भी पुलिस को फोन लगाए. सूचना के बाद खुद एसडीओपी पूजा शर्मा घटनास्थल पर पहुंची थीं. उन्होंने बच्ची और महिला को कार में बैठाकर स्कार्पियो को पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन बाद में उन्हें भी पता चला कि यह बिहार पुलिस की कार्रवाई थी.
पुलिस कप्तान अहमदपुर थाने में थे मौजूद
जिस वक्त अहमदपुर क्षेत्र के पेट्रोल पंप के समीप अपहरण की यह घटना घटित हुई. उस वक्त जिला पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला अहमदपुर थाने में मौजूद थे. इस दौरान अपहरण होने की जानकारी मिलते ही पुलिस सकते में आ गई. आनन- फानन में वायरलेस पर सूचना दी गई और स्कार्पियो का पीछा भी किया गया. मामला दूसरा निकलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली. इसके बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर के अलावा रिकार्ड व्यवस्थाओं और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर ने के अलावा विवेचकों से व्यक्तिगत चर्चा की. अपराध समीक्षा बैठक भी आयोजित कर उन्होंने संबंधितों को निर्देश दिए.
