नवभारत की खबर का असर
सिंगरौली: रामलीला मैदान के पीछे स्थित जर्जर सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नवभारत में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर दिखाई देने लगा है। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम ने सड़क पर बने गहरे गड्ढों की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया है। इससे क्षेत्रवासियों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है।
यह सड़क सीवर लाइन और गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी थी। लगातार बारिश के कारण गड्ढे और गहरे हो गए थे, जिससे वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और पैदल राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों ने कई बार दुर्घटना की आशंका भी जताई थी।
नगर निगम द्वारा फिलहाल गड्ढों को भरकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने का कार्य कराया जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो जल्द ही इस मार्ग पर आवाजाही सामान्य हो जाएगी। हालांकि उन्होंने मांग की है कि बारिश समाप्त होने के बाद सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए शहर की अन्य जर्जर सड़कों की भी शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, जिससे बारिश के दौरान लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
