नैनीताल, 28 नवंबर (वार्ता) उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक स्थित जखोल गांव के सदियों पुराने सोमेश्वर महादेव मंदिर के ध्वस्तीकरण के मामले में गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए मंदिर के पुनर्निर्माण के निर्देश दिए हैं।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की खंडपीठ ने कहा कि मंदिर का पुनर्निर्माण कराया जाए और इसके लिए विशेषज्ञों की समिति गठित की जाए। न्यायालय ने उम्मीद जताई कि मंदिर का पुनर्निर्माण दो वर्ष के भीतर पूरा हो जाएगा।
खंडपीठ ने यह आदेश रामलाल विश्वकर्मा की ओर से दायर जनहित याचिका पर पारित किया। याचिका में हंस फाउंडेशन/हंस कल्चर फाउंडेशन और संबंधित पक्षों द्वारा जखोल स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर को ध्वस्त किए जाने से रोकने तथा यदि जीर्णोद्धार आवश्यक हो तो स्थानीय श्रद्धालुओं और मंदिर समिति को विश्वास में लेकर कार्य कराने की मांग की गई थी।
सुनवाई के दौरान सभी पक्षों के अधिवक्ताओं ने स्वीकार किया कि मंदिर का पुराना ढांचा ध्वस्त हो चुका है। मंदिर समिति की ओर से न्यायालय को बताया गया कि पुराना ढांचा 14 अप्रैल 2025 को ध्वस्त किया गया था और जनहित याचिका लंबित होने के कारण अब तक उसके पुनर्निर्माण का काम शुरू नहीं हो पाया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से भी कहा गया कि मंदिर का ढांचा हटाया जा चुका है और अब उसका पुनर्निर्माण किया जाना है।
खंडपीठ ने अपने आदेश में कहा कि सदियों पुराने मंदिर को अप्रैल 2025 में गांव के मेले के दौरान भीड़ द्वारा ध्वस्त किए जाने के तरीके से वह बेहद व्यथित है। कोर्ट को बताया गया कि मंदिर को जिला प्रशासन की उदासीनता के कारण ध्वस्त किया गया।
खंडपीठ ने उत्तराखंड सरकार के मुख्य सचिव को मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए समिति गठित करने का निर्देश दिया है। समिति में पुराने मंदिरों के पुनर्निर्माण/जीर्णोद्धार में विशेषज्ञता रखने वाला आर्किटेक्ट, लैंडस्केपिंग आदि देखने के लिए टाउन प्लानर, संस्कृति विभाग का एक वरिष्ठ ग्रुप-ए अधिकारी, मंदिर समिति का एक प्रतिनिधि और स्थानीय उपजिलाधिकारी (एसडीएम) शामिल होंगे।
न्यायालय ने कहा कि समिति मंदिर के पुनर्निर्माण की रूपरेखा तैयार करेगी और पुनर्निर्माण का काम संबंधित एसडीएम की निगरानी में कराया जाएगा। साथ ही एसडीएम को पुराने मंदिर में मौजूद सभी कलाकृतियों और अन्य वस्तुओं का इन्वेंट्री तैयार कर उन्हें रसीद लेकर मंदिर समिति को सौंपने का निर्देश दिया गया है।
न्यायालय ने उम्मीद जताई है कि सोमेश्वर महादेव मंदिर का पुनर्निर्माण दो वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
