
जबलपुर। विद्युत चोरी करने, लंबे समय से विद्युत बिलों का भुगतान नहीं करने व न्यायालयीन कार्रवाई की अनदेखी करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत विभाग एवं जबलपुर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की। देर रात तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था। विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त टीमें न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंटों की तामीली एवं संबंधित मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार ऐसे विद्युत उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया है, जो विद्युत चोरी में संलिप्त पाए गए थे अथवा बार-बार समझाइश देने, संपर्क करने एवं भुगतान के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान करने के बावजूद अपने बकाया विद्युत बिलों का भुगतान नहीं कर रहे थे। ऐसे उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत विभाग द्वारा नियमानुसार प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए थे।
न्यायालय द्वारा संबंधित प्रकरणों में समन एवं वारंट जारी किए जाने के बावजूद कई उपभोक्ता न तो न्यायालय में उपस्थित हुए और न ही उन्होंने विद्युत विभाग के बकाया देयकों का भुगतान किया। ऐसे मामलों में न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार शाम 6 बजे से प्रारंभ हुए इस कार्रवाई में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीमें सक्रिय रही। विद्युत विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विद्युत चोरी करने, बार-बार समझाइश एवं अवसर दिए जाने के बावजूद विद्युत बिलों का भुगतान नहीं करने तथा न्यायालयीन कार्रवाई की अनदेखी करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
यहां हुई कार्रवाई, मचा हडक़ंप
कोतवाली, लॉर्डगंज, मदनमहल, ओमती, बेलबाग, सिविल लाइन्स, गोहलपुर, हनुमानताल, अधारताल, गोरखपुर, गढ़ा, कैंट, रांझी, घमापुर, खमरिया, माढ़ोताल एवं ग्वारीघाट सहित शहर के प्रमुख थाना क्षेत्रों में कार्रवाई हुई। पुलिस एवं विद्युत विभाग के इस संयुक्त अभियान से विद्युत चोरी करने वालों एवं लंबे समय से विद्युत बिलों का भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों में हडक़ंप मचा हुआ है। विद्युत विभाग का उद्देश्य विद्युत चोरी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, लंबे समय से लंबित विद्युत देयकों की वसूली सुनिश्चित करना तथा न्यायालयीन प्रक्रिया के प्रति जवाबदेही स्थापित करना है।