भारतीय टीम की जर्सी का अनावरण, रोहित शर्मा भी हुए शामिल

रायपुर, 03 दिसंबर (वार्ता) बुधवार को भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच रायपुर में दूसरे वनडे के दौरान टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम की नई जर्सी का अनावरण किया गया। टी20 विश्व कप का 10वां संस्करण 7 फ़रवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका के आठ अलग-अलग वेन्यू पर खेला जाएगा । इस जर्सी अनावरण के समय टूर्नामेंट के ब्रांड एंबेसडर रोहित शर्मा, बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया और भारतीय टीम के बल्लेबाज तिलक वर्मा मौजूद थे।

भारतीय टीम ने 2024 में खेले गए पिछले T20 विश्व कप के फ़ाइनल में दक्षिण अफ़्रीका को हराकर ख़िताब पर क़ब्ज़ा किया था और 2026 में अपना ख़िताब बचाने के इरादे से उतरेगी। टी20 विश्व कप 2026 के कार्यक्रम का ऐलान कुछ ही दिन पहले किया गया था और 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत को ग्रुप ए में चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड्स और नामीबिया के साथ रखा गया है।

टी20 विश्व कप 2026 में भारत का पहला मैच 7 फ़रवरी को अमेरिका के ख़िलाफ़ मुंबई में होगा। इसके बाद 12 फ़रवरी को दिल्ली में भारत का सामना नामीबिया से होगा। 15 फरवरी को कोलंबो में भारतीय टीम के सामने पाकिस्तान की टीम होगी और उसके बाद ग्रुप स्टेज के आख़िरी मैच में भारत का सामना 18 फरवरी को अहमदाबाद में नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ होगा। ग्रुप स्टेज के बाद 21 फ़रवरी से सुपर 8 मुक़ाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले 4 और 5 मार्च को खेले जाएंगे और इन दोनों मैचों की विजेता टीम का सामना फ़ाइनल में 8 मार्च को होगा।

टी20 विश्व कप की सभी ग्रुप इस प्रकार हैं :

ग्रुप ए: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड्स, नामीबिया
ग्रुप बी: श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ज़िम्बाब्वे, ओमान
ग्रुप सी: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज़, बांग्लादेश, नेपाल, इटली
ग्रुप डी : न्यूज़ीलैंड, साउथ अफ़्रीका, अफ़ग़ानिस्तान, कनाडा, यूएई

Next Post

एसआईआर पर विपक्ष को नहीं मिल रहा जनसमर्थन, इसलिए संसद में हंगामा- शेखावत

Wed Dec 3 , 2025
जोधपुर, 03 दिसंबर (वार्ता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बुधवार को कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उन्हें मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के विरोध पर जनसमर्थन नहीं मिल रहा, इसलिए वे संसद में हंगामा कर रहे हैं। […]

You May Like