
भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने किसानों की लगातार बिगड़ती स्थिति और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया।
कांग्रेस विधायक “चिड़िया चुग गई खेत” शीर्षक वाली झांकी लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे। यह झांकी किसानों की मेहनत, उम्मीदों और फसल के सरकार की नीतिगत विफलताओं के कारण चौपट होने का प्रतीक थी।
उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश का किसान खाद की किल्लत, समर्थन मूल्य पर उचित खरीदी और समय पर मुआवज़ा पाने जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्नदाता आज सड़क पर अपने हक़ के लिए लड़ रहा है, जबकि सत्ता पक्ष “भावांतर” जैसी खोखली योजनाओं के जरिए उसे बहलाता रहा।
नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि किसानों के हितों की रक्षा न कर पाना भाजपा सरकार की “सबसे बड़ी नाकामी” है। उनका कहना था कि भाजपा सरकार रूपी “चिड़िया” किसानों के खेत पहले ही साफ कर चुकी है।
कांग्रेस विधायक दल ने कहा कि वे किसानों की आवाज़ हर मंच पर उठाते रहेंगे और अन्नदाता के अधिकारों की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाएंगे।
