रीवा: जिला पंचायत में विकास कार्यो को लेकर सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में बैठक हुई. जिसमें अपूर्ण कार्यो को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिये गये और कम प्रगति पर नाराजगी जताई गई.बैठक में अनुपस्थित पाए गए उपयंत्री एवं सहायक यंत्री को नोटिस दी गई. बैठक में मनरेगा के तहत संचालित महत्वाकांक्षी योजना ‘एक बगिया माँ के नाम’ की जनपद पंचायतवार विस्तृत समीक्षा की गई.
आधार आधारित ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए, रायपुर जनपद की सबसे कम प्रगति पर अप्रसन्नता व्यक्त की गई. सीईओ ने रायपुर जनपद को अगले तीन दिवस के भीतर संतोषजनक प्रगति लाने के सख्त निर्देश दिए हैं. जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत दो लाख से कम राशि के सभी अपूर्ण कार्यों को तत्काल पूरा कराने पर बल दिया गया. प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास सर्वे का सत्यापन कार्य तथा अपूर्ण गौशालाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए. बैठक में ईई आरईएस, सीईओ जनपद पंचायत, एई, एपीओ, एएओ और उपयंत्री एवं बी.एम. आजीविका मिशन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.
