इंदौर: शहर में बढ़ती ठंड के बीच दयालबाग स्थित आश्रय स्थल में सोमवार रात उस समय हलचल तेज हो गई, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे. देर रात हुए इस औचक निरीक्षण में उन्होंने ठहरे लोगों से सीधे संवाद कर उनकी जरूरतों और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली. इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रयग्राहियों को कंबल भी बांटे, जिससे उन्हें राहत मिल सके.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने झाबुआ व दाहोद से परीक्षा देने आए विद्यार्थियों, दाहोद के संकेत-संजय और इंदौर में पानी टंकी की चौकीदारी कर रहे चुन्नीलाल सहित अन्य श्रमिकों से उनकी स्थिति, रोजमर्रा की परेशानियों और आश्रय स्थल पर मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा की. उन्होंने सभी से पूछा कि वे किन कारणों से यहां आए हैं और क्या व्यवस्थाएं उन्हें पर्याप्त मिल रही हैं.
मुख्यमंत्री ने परिक्रमावासी अनिल से भी बातचीत की, जिन्होंने बताया कि वे धार्मिक परिक्रमा पूरी कर लौट रहे हैं. चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे परिक्रमावासियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है. निरीक्षण के समय विधायक गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा, गौरव रणदीवे सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव आदि मौजूद रहे.
काल भैरव धाम में की पूजा-अर्चना
आश्रय स्थल का निरीक्षण पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री पास स्थित श्री काल भैरव धाम पहुंचे. यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि और जनकल्याण की कामना की.
