पैनासोनिक ने धोनी को बनाया ब्रांड एंबेसडर

नयी दिल्ली, 01 दिसंबर (वार्ता) पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया ने दुनिया भर में “कैप्टन कूल” के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय कप्तान और युवाओं के पसंदीदा महेंद्र सिंह धोनी को देश में अपने एयर कंडीशनर पोर्टफोलियो का नया ब्रांड एंबेसडर बनाया है।

कंपनी ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया धोनी निरंतरता, संयम और उच्च क्षमता वाले प्रदर्शन के प्रतीक हैं। उनके पैनासोनिक परिवार से जुड़ने से देशभर में उपभोक्ताओं के बीच ब्रांड की पहचान और जुड़ाव को बढ़ावा मिलेगा।

धोनी के कंपनी के साथ जुड़ने पर पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तदाशी चिबा ने कहा, “यह साझेदारी साझा मूल्यों का प्रतिबिंब है। पिछले 100 से अधिक वर्षों से पैनासोनिक वैश्विक स्तर पर विश्वसनीयता, नवाचार और सार्थक योगदान का प्रतीक रहा है, और हम इन्हीं मूल्यों को भारत में और मजबूत कर रहे हैं। धोनी का शांत नेतृत्व और भरोसेमंद प्रदर्शन इस भावना को दर्शाता है। हम मिलकर भारत में पैनासोनिक की यात्रा का एक यादगार अध्याय लिखने की उम्मीद करते हैं।”

श्री धोनी ने कहा,“हममें से कई लोगों के लिए जब हम बड़े हो रहे थे तो पैनासोनिक सिर्फ एक जापानी ब्रांड नहीं था, बल्कि हमारे रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा था। यह परिचित, भरोसेमंद और भारतीय भावना से जुड़ा हुआ लगता था, क्योंकि यह हमारे घरों और यादों में मौजूद था। मेरे लिए यह साझेदारी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह साझा मूल्यों को दर्शाती है – विश्वास, विश्वसनीयता, समाज के प्रति योगदान और लगातार बेहतर बनने की इच्छा। मैं ऐसे ब्रांड से जुड़कर गर्व महसूस करता हूं जो नवाचार को अपनाता है और साथ ही विश्वास की अपनी बुनियादी सोच को बनाये रखता है।”

पैनासोनिक हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग के निदेशक हीरोकाजू कामोड़ा ने कहा कि यह साझेदारी पैनासोनिक की कूलिंग श्रेणी की दीर्घकालिक विकास रणनीति के अनुरूप है, क्योंकि कंपनी एसी उत्पादन क्षमता बढ़ा रही है और वित्त वर्ष 2027 तक बिक्री को दोगुना करने की दिशा में काम कर रही है, जो एक मजबूत ब्रांड मौजूदगी, स्थानीय नवाचार और बाजार में गहरी पैठ से प्रेरित है।

 

 

 

Next Post

ईडी ने मसाला बॉन्ड मामले में मुख्यमंत्री को भेजा कारण बताओ नोटिस

Mon Dec 1 , 2025
कोच्चि, 01 दिसंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन को केआईआईएफ़बी मसाला बॉन्ड जांच के संबंध में विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फ़ेमा) के तहत 466 करोड़ रुपए के लिए कारण-बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में राज्य के पूर्व वित्त मंत्री थॉमस इसाक और पूर्व-केआईआईएफ़बी मुख्य […]

You May Like