इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र की लाहिया कॉलोनी में देर रात मारपीट की गंभीर घटना हुई. पुराने विवाद को लेकर तीन युवक एक घर में घुस आए और दो भाइयों से हाथापाई की. आरोपियों ने गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी भी दी.22 वर्षीय प्रशांत गौर ने पुलिस को बताया कि घटना रात करीब 11.40 बजे की है. वह घर पर मौजूद थे, तभी कॉलोनी में रहने वाले दीपक तिवारी, नीरज तिवारी और अमन लाहिया वहां पहुंच गए.
आरोप है कि तीनों ने उनके दोस्त सोनू जायसवाल के साथ चल रहे पुराने विवाद को लेकर उलझना शुरू किया और उन पर तथा उनके भाई प्रथम गौर पर अभद्र टिप्पणी करते हुए गालियां देने लगे. प्रशांत ने आपत्ति जताई तो आरोपी घर के अंदर घुस आए और तीनों ने मिलकर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया. शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, तब आरोपी वहां से भाग निकले. जाते-जाते उन्होंने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
