जयपुर, 24 जून (वार्ता) राजस्थान में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था ठप करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि आज प्रदेशवासी लचर चिकित्सा व्यवस्था के कारण न सिर्फ परेशान है बल्कि आमजन में इसको लेकर भारी आक्रोश है और कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर आमजन को साथ लेकर शीघ्र बड़ा आन्दोलन शुरू करेगी।
श्री डोटासरा बुधवार को यहां प्रेस वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) सरकार के शासन में लोगों को इलाज एवं दवाईयां नहीं मिल रही है और अस्पताल में प्रसूताओं की मौत एवं तबीयत बिगड़ रही है लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने संवेदनाओं के दो शब्द तक नहीं बोले हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के शासन में मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना एवं आजीएचएस जैसी योजनायें लागू हुई थी जिसके तहत् कर्मचारियों को प्रदेश के निजी चिकित्सालयों में 25 लाख रूपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा था और कांग्रेस ने प्रदेश में राईट टू हैल्थ लागू करने की कवायद की थी किन्तु आज दुर्भाग्य है कि भाजपा सरकार के शासन में चिकित्सा व्यवस्थायें रसातल में पहुंच गई, लोगों को इलाज नहीं मिल रहा है, दवाईयां नहीं मिल रही है, सरकारी अस्पतालों में नकली इंजेक्शन लगाये जा रहे हैं, किन्तु सरकार में कोई जवाब देने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रसुतायें अस्पताल में दम तोड़ रही हैं। कोटा में पांच प्रसुताओं की मौत हो गई, छह गम्भीर रूप से बीमार हो गई हैं, जोधपुर में दो गम्भीर रूप से बीमार हैं और छह चिकित्सकीय लापरवाही से बीमारी से जूझ रही हैं। इसी प्रकार बीकानेर में छह महिलाओं का सही ईलाज नहीं हुआ, दो की मृत्य हो गई, आज भी परिजन उनका शव लेकर न्याय की उम्मीद में बैठे हैं।
उन्होंने कहा कि जयपुर के एसएमएस अस्पताल के आईसीयू में आग लगने की घटना हुई थी, यह बताता है कि राजस्थान में चिकित्सा व्यवस्थायें पूर्णतया ठप हो गई हैं और मुख्यमंत्री तथा चिकित्सा मंत्री ने संवेदनाओं के दो शब्द भी नहीं बोले और न ही किसी पीडि़त से मिलने गये।
श्री डोटासरा ने कहा कि इन दु:खद घटनाओं के पश्चात् चिकित्सा मंत्री जिस प्रकार बयान दे रहे हैं, वह उनकी और सरकार की असंवेदनशीलता दर्शाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आमजन के साथ मिलकर 8-10 दिन तक कोटा में सरकार की इस चलक चिकित्सा व्यवस्था के विरूद्ध धरना-प्रदर्शन किया गया, लेकिन पीडि़त परिवार को ना कोई मुआवजा दिया गया, ना कोई नौकरी की घोषणा कर परिवार को सरकार ने राहत दी है। यही हाल जोधपुर का है और बीकानेर में आज भी चिकित्सा व्यवस्थाओं को ठीक करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन चल रहा है और मृतक के शव को लेकर लोग न्याय मांगने के लिये बैठे है, लेकिन सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि प्रसुताओं की मौत हो गई और कोटा, जोधपुर, बीकानेर में दु:खद हादसे हो गयेे किन्तु रिपोर्ट नहीं आई। कांग्रेस पार्टी इस अतिसंवेदशील मुद्दे पर प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है और वह और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली जल्द ही बीकानेर पहुंचकर सरकार को चेताने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेशवासी लचर चिकित्सा व्यवस्था के कारण ना सिर्फ परेशान है, बल्कि आमजन में इसको लेकर भारी आक्रोश भी है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर आमजन को साथ लेते हुये शीघ्र बड़ा आन्दोलन शुरू करेगी क्योंकि यह आमजन के जीवन से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण मुद्दा है और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि आमजन की दु:ख-तकलीफो को दूर करने के लिये कार्य करें।
