सतना :बोर्ड पैटर्न पर कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षायें 20 फरवरी से 26 फरवरी तक सतना जिले के 246 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जायेगी। राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए निर्देश जारी किये गये हैं। सतना जिले में कुल 246 परीक्षा केन्द्र बनाये जाकर इनमें केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष की नियुक्ति की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सतना जिले में कुल 246 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किये गये है।
जिनमें सभी केन्द्रों के लिए केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष नियुक्त कर आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। सतना जिले में कुल 65 जन शिक्षा केन्द्रों के अंतर्गत 2331 शालाओं के छात्रों के लिए 246 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है। बोर्ड पैटर्न की परीक्षा में कक्षा 5वीं 26574 परीक्षार्थी और कक्षा 8वीं की परीक्षा में 23555 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं में अनुत्तीर्ण या निम्न रिजल्ट लाने वाले विद्यार्थियों के लिए माह जुलाई 2026 में द्वितीय परीक्षा भी होगी। जिनमें रिजल्ट का सुधार किया जा सकेगा।
कक्षा 5वीं और 8वीं का परीक्षा टाइम टेबल
मध्यप्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं का वार्षिक कार्यक्रम 2026 जारी कर दिया गया है। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 4.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। कक्षा 5वीं परीक्षा 20 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित की जायेगी। कक्षा 5वीं में 20 फरवरी 2026 को प्रथम भाषा हिंदी/अंग्रेजी/उर्दू/मराठी, 21 फरवरी को गणित/संगीत दृष्टिबाधितों के लिए, 23 फरवरी को द्वितीय भाषा अंग्रेजी/हिंदी, 25 फरवरी को पर्यावरण अध्ययन तथा 26 फरवरी को अतिरिक्त भाषा संस्कृत/हिंदी/उर्दू/पंजाबी की परीक्षा आयोजित होगी।
इसी प्रकार कक्षा 8वीं की परीक्षा के लिए जारी समय-सारणी के अनुसार 20 फरवरी को प्रथम भाषा हिंदी/अंग्रेजी/उर्दू/मराठी, 21 फरवरी को गणित/संगीत दृष्टिबाधितों के लिए, 23 फरवरी को द्वितीय भाषा अंग्रेजी/हिंदी/उर्दू/मराठी, 25 फरवरी को विज्ञान, 26 फरवरी को तृतीय भाषा संस्कृत/पंजाबी/मराठी तथा 28 फरवरी को सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित होगी। राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार सतना जिले के सभी 5 विकासखण्डों में बैठक व्यवस्था के अनुपात में परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण किया गया है। जिले के निर्धारित 246 परीक्षा केन्द्रों में कक्षा 5वीं के 26 हजार 574 तथा कक्षा 8वीं में 23 हजार 555 सहित कुल 50 हजार 129 छात्र-छात्रायें परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
