नयी दिल्ली, 29 नवंबर (वार्ता) आदित्य धर की फिल्म धुरंधर के ट्रेलर की धमाकेदार रिलीज़ के बाद अब निर्माताओं ने ‘गहरा हुआ’ नाम का रूमानी गाना भी दुनिया के सामने प्रस्तुत कर दिया है। गाने में फिल्म के नायक रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन को दिखाया गया है। इस गाने को अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज़ दी है। यूट्यूब पर रिलीज़ हुए गाने में दोनों किरदारों की केमिस्ट्री दिख रही है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त भी अहम रोल में हैं। हाल ही में रिलीज़ हुए चार मिनट और आठ सेकंड के ट्रेलर में एक-एक करके खास किरदारों को दिखाया गया है। इसकी शुरुआत एक बेरहम टॉर्चर सीन से होती है, जिसमें अर्जुन रामपाल मेजर इकबाल, उर्फ ‘मौत का फरिश्ता’ के रोल में हैं जो ‘भारत को हज़ार कट लगाकर खून बहाने’ की कसम खाता है। आर. माधवन भारतीय जासूस अजय सान्याल के रोल में हैं, जो खतरे को खत्म करने के लिए दुश्मन के इलाके में घुसने का पक्का इरादा रखते हैं। अक्षय खन्ना रहमान डकैत का रोल कर रहे हैं, जबकि संजय दत्त एस पी चौधरी असलम के रोल में हैं। रणवीर सिंह फिल्म में एक ऐसे भारतीय जासूस का किरदार निभा रहे हैं जो अपने मिशन को अंजाम देने के लिए पहचान छिपाकर पाकिस्तान में रहता है।
रणवीर सिंह ने फिल्म के बारे में कहा, ” हम एक ऐसा फीचर प्रेजेंटेशन बनाना चाहते थे, जो दुनिया की किसी भी फिल्म के बराबर हो। हमारी कोशिश थी कि हम सिनेमाई प्रोसेस के हर पहलू को एक लेवल ऊपर ले जाएं ताकि एक ऐसी फिल्म बनाई जा सके जिस पर हम भारतीय गर्व कर सकें। आदित्य ने इसे एकदम सही तरीके से पिच किया है। ” उन्होंने कहा, ” यह एक अविश्वसनीय, जटिल कहानी है जिसमें विश्व-स्तरीय तकनीकी निर्देशन और मजबूत प्रदर्शन है। हम एक ऐसी भारतीय फिल्म बनाना चाहते थे जिसे दुनिया भर में इस शैली की सबसे बेहतरीन फिल्मों में गिना जा सके। मेरा मानना है कि यह वैश्विक मंच पर चमकने का भारत का समय है, और हमारा लक्ष्य अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए उस घटना के केंद्र में बने रहना है।”

