इंटरनेट पर सुप्रीम कोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला

डिजिटल युग में इंटरनेट केवल तकनीक का माध्यम नहीं रहा. यह आज अभिव्यक्ति का सबसे बड़ा मंच है, व्यापार का आधार है, और लोकतांत्रिक भागीदारी का सशक्त उपकरण भी. ऐसे में सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्णय इंटरनेट नियंत्रण को लेकर एक नए संतुलन की आवश्यकता को रेखांकित करते हैं. ये फैसला न केवल सरकारों को सीमाओं का स्मरण कराता है, बल्कि नागरिकों और डिजिटल प्लेटफॉर्मों को भी उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराते हैं. सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि सर्वोच्च न्यायालय ने इंटरनेट को संविधान प्रदत्त स्वतंत्रता के विस्तार के रूप में स्वीकार किया है. कोर्ट ने दो-टूक शब्दों में कहा कि इंटरनेट का उपयोग अनुच्छेद 19(1)(ए) के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और 19(1)(जी) के तहत व्यवसाय के अधिकार से गहराई से जुड़ा है. यह बात अपने आप में सरकारी निर्णयों पर एक संवैधानिक लगाम है, क्योंकि अब कोई भी प्रशासनिक तंत्र मनमाने ढंग से या अनिश्चितकाल के लिए इंटरनेट बंद नहीं कर सकता. कोर्ट का जोर ‘आवश्यकता’ और ‘आनुपातिकता’ पर है. यदि सरकार इंटरनेट बंद करती है, तो उसे ठोस और तर्कसंगत कारण बताने होंगे, और प्रतिबंध की अवधि वही होगी जो स्थिति की गंभीरता के हिसाब से उचित हो. यह सिद्धांत डिजिटल युग में राज्यसत्ता और नागरिक अधिकारों के बीच नए सामाजिक अनुबंध को रेखांकित करता है. लेकिन इंटरनेट केवल अधिकारों का विषय नहीं है. यह अनियंत्रित क्षेत्र भी नहीं हो सकता. यहीं सुप्रीम कोर्ट ने हाल के निर्णयों में डिजिटल स्पेस की सबसे बड़ी चुनौती, ऑनलाइन सामग्री के विनियमन, पर ध्यान केंद्रित किया है. बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोर्ट की चिंता जायज़ और समयानुकूल है. इंटरनेट पर अश्लील या हानिकारक सामग्री की बाढ़ के बीच, अदालत ने सरकार को उम्र सत्यापन जैसे कठोर लेकिन आवश्यक उपायों पर विचार करने को कहा है. यह केवल नैतिकता का प्रश्न नहीं, बल्कि संवैधानिक संरक्षण के दायरे में आने वाला मुद्दा है. साथ ही, उपयोगकर्ता-जनित सामग्री के अराजक महासागर में फेक न्यूज, नफरत और हिंसा को रोकने के लिए अदालत ने एक स्वायत्त नियामक संस्था की आवश्यकता जताई है. यह सुझाव महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि डिजिटल कंपनियों पर स्वयं नियमन छोड़ देने से समस्या और गहराई है, वहीं सरकारी नियंत्रण बढ़ाने का जोखिम भी लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित कर सकता है. एक स्वतंत्र नियामक इस संतुलन को साधने का रास्ता खोल सकता है. इसके समानांतर, साइबर फ्रॉड, विशेषकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे अपराधों पर सुप्रीम कोर्ट का रुख बेहद सख्त है. आम लोगों को ऑनलाइन ठगी और धमकियों से बचाने के लिए अदालत ने निचली अदालतों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गंभीर मामलों में अभियुक्तों को आसानी से राहत न मिले.

अदालत ने केंद्र से सख्त कानूनी ढांचा तैयार करने को कहा है, ताकि यह तेजी से फैलता ‘डिजिटल जुआ बाजार’ देश की वित्तीय प्रणाली और सुरक्षा के लिए खतरा न बने. कुल मिलाकर सुप्रीम कोर्ट का संदेश साफ है कि इंटरनेट मौलिक है, लेकिन अनियंत्रित नहीं. यह न तो सरकारों के मनमाने निर्णय का उपकरण बन सकता है और न ही अपराधियों और अनैतिक तत्वों का खेल का मैदान. अदालत ने लोकतंत्र के डिजिटल विस्तार के साथ डिजिटल अनुशासन की भी रूपरेखा तय की है.अब जिम्मेदारी सरकार की है कि वह संतुलित कानून बनाए, प्लेटफॉर्म की है कि वे जवाबदेही स्वीकार करें, और नागरिकों की है कि वे डिजिटल स्वतंत्रता के साथ डिजिटल सजगता भी अपनाएं. डिजिटल भारत का भविष्य इसी त्रिकोणीय जिम्मेदारी पर टिका है.

 

 

Next Post

पाकिस्तान में मुनीर ने संभाला सीडीएफ का भार

Sat Nov 29 , 2025
इस्लामाबाद, (वार्ता) पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद असीम मुनीर ने आधिकारिक रूप से चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (सीडीएफ) का पद संभाल लिया है। साथ ही चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) का भी पद संभाल लिया है। पाकिस्तान के संविधान में विवादित 27वें संशोधन के ज़रिए बनाया गया यह […]

You May Like