अमेरिका में तीसरी दुनिया के देशों के प्रवासियों पर लगेगी रोक- ट्रंप

वॉशिंगटन, 28 नवंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीसरी दुनिया के देशों से आने वाले प्रवासियों पर हमेशा के लिए रोक लगाने की घोषणा की है। श्री ट्रंप ने अमेरिका की समस्याओं के लिए तीसरी दुनिया के देशों से आने वाले लोगों को दोषी ठहराया है। उल्लेखनीय है कि अमेरिका की ओर से यह कदम तब उठाया गया है जब वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड के दो सुरक्षा प्रहरियों को गोली मारे जाने की घटना सामने आई। श्री ट्रंप ने कहा कि मौजूदा नीतियों ने देश की तरक्की को रोक दिया है। उन्होंने कहा कि वह पूर्व राष्ट्रपति बाइडेन के कार्यकाल में हुए उन लाखों एडमिशनों को रद्द कर देंगे जिनमें अमेरिका में बसने की इच्छा जाहिर की गई है। उन्होंने यह भी वादा किया कि अमेरिका के लिए जो कोई भी उपयोगी नहीं है या हमारे देश से प्यार नहीं करता है, उसे यहां से निकाल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घरेलू शांति भंग करने वाले प्रवासियों की नागरिकता छीन ली जायेगी।

श्री ट्रंप ने गुरुवार की देर रात सोशल मीडिया पर लिखा, “वह गैर-नागरिकों को सभी संघीय फायदों और सब्सिडियों से वंचित कर देगे।” उन्होंने कहा, “बाइडेन के लाखों गैर-कानूनी एडमिशनों को खत्म कर दिया जायेगा। उनमें वे एडमिशन भी शामिल हैं जिन पर बाइडेन ने ऑटोपेन से हस्ताक्षर किए हैं। ऐसे किसी भी व्यक्ति को हटा दिया जाएगा जो संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए उपयोगी नहीं है या हमारे देश से प्यार करने में असमर्थ है। मैं गैर-नागरिकों को मिलने वाले सभी संघीय फायदे और सब्सिडी खत्म कर दूंगा। घरेलू शांति को भंग करने वाले प्रवासियों की नागरिकता छीन लूंगा और ऐसे किसी भी विदेशी नागरिक को अमेरिका से बाहर कर दूंगा जो जनता पर बोझ है, सुरक्षा के लिए खतरा है या पश्चिमी सभ्यता के साथ मेल नहीं खाता है। इन लक्ष्यों को हासिल करने का मकसद गैर-कानूनी और गड़बड़ी पैदा करने वाली आबादी में बड़ी कमी लाना है, जिसमें वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें बिना इजाजत और गैर-कानूनी ऑटोपेन एडमिशन दिया गया है।”

श्री ट्रंप ने कहा कि शरणाथियों का बोझ अमेरिका में सामाजिक बुराइयों की मुख्य जड़ हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में विदेशों से आकर बसे लोगों की संख्या 53 मिलियन यानी 5 करोड़ 30 लाख हैं। उसमें से अधिकांश वेलफेयर पर हैं। असफल देशों से हैं या जेलों, मेंटल इंस्टीट्यूशन, गैंग या ड्रग कार्टेल से जुड़े हैं। यही लोग अमेरिका में होने वाले अपराधों के लिए जिम्मेदार हैं। हम ऐसे सभी प्रवासियों और विदेशी नागरिकों को अमेरिका से निकाल देंगे, जो जनता पर बोझ है। हमारी सुरक्षा के लिए खतरा है या पश्चिमी सभ्यता के साथ मेल नहीं खाते हैं।

Next Post

आबकारी विभाग बरेली ने अवैध मदिरा मामले में 7 पर दर्ज किया प्रकरण

Fri Nov 28 , 2025
बरेली। जिला कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा एवं सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के निर्देशानुसार सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शहनाज कुरेशी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा विक्रय एवं विनिर्माण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नारदखेड़ा, नानपोन, धनाश्री, हरिजन मोहल्ला बाड़ी, एवं विक्रम मड़ैया में दविश देकर आबकारी उप […]

You May Like