भाकपा (माले) नेता राजा बहुगुणा का निधन

नयी दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) की केंद्रीय अनुशासन समिति के चेयरमैन कामरेड राजा बहुगुणा का शुक्रवार को यहां निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे। श्री बहुगुणा लंबे समय से लीवर कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने आज सुबह दिल्ली के बी एल कपूर मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली।
वे उत्तराखण्ड में भाकपा माले के संस्थापकों में से एक थे और पार्टी के राज्य सचिव रहे। पिछले पांच दशकों से कामरेड राजा बहुगुणा ने तमाम जन संघर्षों की अगुआई की और एक नया समाज बनाने के लिए अपने को समर्पित किया। उनके नेतृत्व में चले संघर्षों ने उत्तराखंड में पार्टी के लिए कई कार्यकर्ताओं को तैयार किया जो आज पार्टी में विभिन्न स्तरों पर योगदान कर रहे हैं।

श्री बहुगुणा का जन्म पौढ़ी गढ़वाल के गुगाड़ी गांव में हुआ था। लेकिन उनकी पढ़ाई-लिखाई और कर्मक्षेत्र नैनीताल रहा। उनके पिता नैनीताल में सरकारी नौकरी में थे। युवाकाल में ही वह उत्तराखंड के विभिन्न जन आंदोलनों से जुड़ गए। वह इंडियन पीपुल्स फ्रंट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने और फिर भाकपा-माले में सक्रिय हुए।
भाकपा माले नेता पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि कामरेड राजा बहुगुणा का अंतिम संस्कार शनिवार को हल्द्वानी के चित्रशिला घाट के विद्युत शवदाह गृह में किया जायेगा।

Next Post

मुजफ्फरनगर के बच्चों की पूरी जिम्मेदारी मेरी: मंत्री कपिल देव अग्रवाल

Fri Nov 28 , 2025
लखनऊ, 28 नवम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने उन्नीसवीं नेशनल जम्बूरी में प्रतिभाग करने पहुंचे मुजफ्फरनगर जिले के स्काउट्स एवं गाइड्स दल का शुक्रवार को लखनऊ स्थित आवास पर आत्मीय स्वागत किया। मंत्री ने बच्चों का मनोबल बढ़ाते […]

You May Like