सतना: गुरुवार सुबह अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम परसवाही में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहाँ खेत में गहाई के लिए ले जा रही थ्रेशर मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में थ्रेशर पर बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर में टोचन कर थ्रेशर मशीन को खेत की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान NH-30 की सर्विस लेन में तेज रफ़्तार के कारण ट्रैक्टर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे थ्रेशर मशीन पलट गई।
दुर्घटना में ऊपर बैठे संजय साकेत (24 वर्ष) नीचे गिर गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुँची, मर्ग कायम कर जांच शुरू की, और स्थिति का संज्ञान लिया। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर चालक रामबलि पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।
