नयी दिल्ली 27 नवम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को कर्नाटक और गोवा का दौरा करेंगे जहां वह उडुपी में श्री कृष्ण मठ जायेंगे तथा लक्ष कंठ गीता पारायण में भाग लेंगे प्रधानमंत्री कार्यालय ने गुरुवार को बताया कि श्री मोदी सुबह कर्नाटक के उडुपी स्थित श्री कृष्ण मठ के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह गोवा में श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ के 550वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सार्ध पंचशतामनोत्सव’ में भाग लेंगे। लक्ष कंठ गीता पारायण कार्यक्रम में श्री मोदी के साथ छात्रों, भिक्षुओं, विद्वानों और अनेक प्रबुद्ध नागरिकों सहित एक लाख प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है जो एक स्वर में श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ करेंगे।
प्रधानमंत्री कृष्ण गर्भगृह के सामने स्थित सुवर्ण तीर्थ मंडप का भी उद्घाटन करेंगे और पवित्र कनकना किंदी के लिए कनक कवच (स्वर्ण कवच) समर्पित करेंगे। कनकना किंदी एक पवित्र द्वार है। ऐसा माना जाता है कि संत कनकदास ने इसी द्वार से भगवान कृष्ण के दिव्य दर्शन किए थे। उडुपी स्थित श्री कृष्ण मठ की स्थापना 800 वर्ष पूर्व वेदांत के द्वैत दर्शन के संस्थापक श्री माधवाचार्य ने की थी। श्री मोदी गोवा में श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ के 550वें वर्ष के उत्सव ‘सार्ध पंचशतामनोत्सव’ के अवसर पर दक्षिण गोवा के कैनाकोना स्थित मठ के दर्शन करेंगे।
प्रधानमंत्री श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ में प्रभु श्री राम की 77 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे और मठ द्वारा विकसित ‘रामायण थीम पार्क गार्डन’ का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर विशेष डाक टिकट तथा एक स्मारक सिक्का भी जारी करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ, पहला गौड़ सारस्वत ब्राह्मण वैष्णव मठ है। यह द्वैत संप्रदाय का अनुसरण करता है, जिसकी स्थापना जगद्गुरु माधवाचार्य ने 13वीं शताब्दी में की थी। इस मठ का मुख्यालय कुशावती नदी के तट पर, दक्षिण गोवा के एक छोटे से कस्बे पर्तगाली में स्थित है।

