सौ वर्षों के सफर में अपनी विशिष्ट पहचान बनायी है संघ लोक सेवा आयोग ने: डा. मिश्रा

नयी दिल्ली 27 नवम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी. के. मिश्रा ने कहा है कि संघ लोक सेवा आयोग ने पिछले सौ वर्षों में योग्यता, निष्पक्षता और सत्य निष्ठा को बनाए रखते हुए देश के सबसे सम्मानित संस्थानों में अपनी पहचान बनाई है। डा.मिश्रा ने गुरुवार को आयोग के शताब्दी सम्मेलन को संबोधित करते हुए इसे संविधान के निर्माताओं की दूरदृष्टि और उन मार्गदर्शकों को श्रद्धांजलि बताया जिन्होंने आयोग को उसके प्रारंभिक वर्षों में दिशा दी। उन्होंने कहा कि संस्थान ने पिछले वर्षों में योग्यता, निष्पक्षता और सत्य निष्ठा को बनाए रखते हुए सम्मानित संस्थानों में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि आयोग के अध्यक्षों, सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने चुनौतियों के बावजूद संस्थान की निष्पक्षता और योग्यता के सिद्धांतों को बरकरार रखा है।

उन्होंने आयोग की लंबी यात्रा, इसके पूर्ववर्ती आयोग और सिविल सेवाओं की बदलती भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सिविल सेवाओं की जिम्मेदारियां समय के साथ कानून-व्यवस्था से विकास, प्रौद्योगिकी, जलवायु चुनौतियों और आपदा प्रबंधन तक विस्तृत हुई हैं। डा. मिश्रा ने कहा कि देश ‘विकसित भारत 2047’ के महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रहा है और सिविल सेवकों को जटिलता का प्रबंधन, तकनीकी बदलाव, क्षमता-आधारित विकास और वैश्विक प्रतिभा प्रतिस्पर्धा जैसे पहलुओं के लिए तैयार रहना होगा। इसके लिए आयोग को ऐसे उम्मीदवार चुनने चाहिए जिनमें निर्णय-क्षमता, लचीलापन और आजीवन सीखने की क्षमता हो। उन्होंने ‘प्रतिभा सेतु’ पोर्टल और ‘मिशन कर्मयोगी’ जैसी पहलों को सिविल सेवाओं के आधुनिककरण का आधार बताते हुए कहा कि कर्मयोगी प्लेटफ़ॉर्म अधिकारियों को निरंतर सीखने में सक्षम बना रहा है। उन्होंने कहा कि सिविल सेवाएं विकसित भारत की यात्रा के केंद्र में हैं और अधिकारियों को विनम्रता, ईमानदारी, उद्देश्य, डेटा-आधारित कार्यशैली तथा बहु-क्षेत्रीय सोच अपनानी होगी।

Next Post

मेडिकल कॉलेज भ्रष्टाचार मामले में ईडी की कई राज्यों में 15 ठिकानों पर छापेमारी

Thu Nov 27 , 2025
नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को चिकित्सा महाविद्यालयों से जुड़े भ्रष्टाचार घोटाले के सिलसिले में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के 15 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह छापेमारी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की दर्ज प्राथमिकी […]

You May Like