एनकाउंटर स्पेशलिस्ट त्यागी का निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई विदाई

ग्वालियर। डकैतों के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से प्रसिद्ध पूर्व उप निरीक्षक नारायण दास त्यागी का गुरुवार को 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। पुलिस विभाग ने उन्हें राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी।

शिवपुरी निवासी त्यागी ने आरक्षक के पद से पुलिस विभाग में अपनी सेवा शुरू की थी। वे वर्ष 2004 में भिंड जिले के मालनपुर थाने से उप निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। 1980 के दशक में उनका नाम डकैतों के लिए खौफ बन गया था। पुलिस विभाग में वे “एंटी डकैत स्पेशलिस्ट” के नाम से जाने जाते थे। वर्ष 1988 में छतरपुर जिले के किशनगंज थाने में पदस्थ रहते हुए त्यागी ने दो कुख्यात डकैत कन्हैया सिंह और परसू डकैत का एनकाउंटर किया था। इस मुठभेड़ में उन्हें खुद भी गोली लगी थी। घायल होने के बावजूद उन्होंने साहस नहीं खोया और दोनों डकैतों को मार गिराया।इस वीरता के लिए उन्हें और तत्कालीन पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार सिंह को राष्ट्रपति द्वारा उत्कृष्ट वीरता पदक से सम्मानित किया गया था।

त्यागी ने खेड़ापति कॉलोनी स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही आरआई अनिल कवरेती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्हें राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार किया गया।

Next Post

कस्तूरबा कन्या छात्रावास में वार्डन की पिटाई से छात्रा अस्पताल पहुंची, कलेक्टर ने जांच टीम भेजी

Thu Jul 31 , 2025
सीधी। कस्तूरबा बाई कन्या छात्रावास अमिलिया में वार्डन द्वारा पिटाई के चलते एक 12वीं कक्षा की छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। वार्डन उर्मिला पटेल ने छात्रा को उस समय पीटा जब उसने वार्डन के बच्चे के गाल को सहला दिया था, जिससे बच्चा रोने लगा। पिटाई के बाद छात्रा बेहोश […]

You May Like