मध्य प्रदेश सरकार ने नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों का चुनाव अब प्रत्यक्ष मतदान से कराने का जो फैसला लिया है, वह केवल प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि स्थानीय राजनीति के स्वरूप में एक बड़ा हस्तक्षेप है. वर्षों से चल रही अप्रत्यक्ष प्रणाली, जहां पार्षद अध्यक्ष चुनते थे, अब इतिहास बनने जा रही है. यह निर्णय लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने के दावे के साथ आया है, लेकिन इसकी चुनौतियां भी कम नहीं हैं.
सबसे पहले बात फायदे की. सीधे चुनाव की सबसे बड़ी उपलब्धि है जवाबदेही. जनता जिस व्यक्ति को वोट देकर चुनती है, उससे वह सवाल भी पूछती है और काम भी. अप्रत्यक्ष चुनाव में अध्यक्ष अक्सर पार्षदों के समीकरणों और सौदेबाजी के बीच उलझा रहता था. खरीद-फरोख्त और गुप्त सौदे राजनीति का हिस्सा बनते चले गए थे. प्रत्यक्ष चुनाव इन खेलों पर रोक लगाने की उम्मीद जगाता है. इसके साथ ही सीधे चुना गया अध्यक्ष एक मजबूत जनादेश लेकर आता है, जिससे नेतृत्व स्थिर होता है और निर्णय लेने की क्षमता बढ़ती है. स्थानीय निकायों में यह भी देखा गया है कि वार्ड-स्तर की राजनीति कई बार पूरे शहर के विकास पर भारी पड़ जाती है. प्रत्यक्ष चुनाव में उम्मीदवार को पूरे नगर की जनता से संवाद करना होता है, जिससे वह व्यापक मुद्दों पर बात करने को मजबूर होता है, सडक़ें, पानी, सफाई, विकास की दिशा. यह परिवर्तन नगरीय विकास के विज़न को एक नई दिशा दे सकता है. लेकिन हर सुधार अपने साथ कुछ नए खतरे भी लाता है. सबसे बड़ा खतरा है कि अध्यक्ष और पार्षदों का बहुमत विपरीत दलों में होगा तो टकराव तय है. प्रशासन चलाने के लिए सहयोग अनिवार्य है. यदि अध्यक्ष जनता से सीधे चुना गया हो और पार्षद किसी दूसरे राजनीतिक खेमे से हों, तो विकास के फैसले फाइलों में ही अटक सकते हैं. यह स्थिति जनता के लिए भारी पड़ेगी. दूसरी चुनौती है चुनाव खर्च. प्रत्यक्ष चुनाव में प्रचार बड़े पैमाने पर करना पड़ता है. इससे यह आशंका भी है कि मजबूत वित्तीय नेटवर्क वाले उम्मीदवारों का दबदबा बढ़ेगा, जबकि सरल पृष्ठभूमि के उम्मीदवार पीछे धकेल दिए जाएंगे. तीसरी चिंता पार्षदों की भूमिका को लेकर है. स्थानीय स्तर पर सबसे पहले जनता तक पहुँचने वाला जनप्रतिनिधि पार्षद ही होता है. लेकिन अध्यक्ष पद अत्यधिक शक्तिशाली हो गया तो पार्षदों की आवाज कमजोर पड़ सकती है. सीधे चुनाव का एक और पहलू है धनबल व बाहुबल का असर. बड़े चुनाव का आकार बढ़ता है, तो जोखिम भी बढ़ता है. निष्पक्षता को सुरक्षित रखने के लिए सख्त निगरानी और पारदर्शी प्रक्रियाओं की जरूरत पड़ेगी. इसलिए इस फैसले की सफलता केवल कानून बदल देने से नहीं होगी. राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि अध्यक्ष और पार्षदों के बीच सहयोग की संस्थागत व्यवस्था बनाई जाए. विवाद की स्थिति में समाधान के स्पष्ट प्रावधान हों. इसके अलावा, स्थानीय निकायों को वास्तव में वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार दिए जाएँ. केवल पद बदलने से शासन नहीं सुधरता,क्षमता, संसाधन और स्वतंत्रता भी ज़रूरी हैं. प्रदेश सरकार का यह कदम निश्चित रूप से नागरिक लोकतंत्र को नया आयाम देता है. जनता को अपने नगर प्रमुख का सीधा चयन करने का अधिकार देना स्वागत योग्य है, बशर्ते सरकार यह समझे कि चुनाव के साथ-साथ शासन की गुणवत्ता सुधारना भी उतना ही आवश्यक है. दरअसल,अगले कुछ वर्षों में यह मॉडल तय करेगा कि क्या स्थानीय लोकतंत्र वास्तव में मजबूत हुआ, या फिर यह केवल राजनीतिक प्रयोग बनकर रह गया. फिलहाल उम्मीद यही है कि यह बदलाव शहरों को नई दिशा और नई ऊर्जा देगा.
