वर्मा की अमर्यादित टिप्पणी से भारी आक्रोश, ब्यावरा में एफआईआर की मांग

ब्यावरा/नरसिंहगढ़। समाज की बेटियों को लेकर आईएएस सन्तोष वर्मा द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर नगर सहित जिले में समाज बंधुओं में भारी आक्रोश है. बुधवार को ब्यावरा में पुतला दहन कर संबंधित पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर सिटी पुलिस थाना परिसर में एक घंटे से अधिक समय तक प्रदर्शन किया गया. अधिकारियों के आश्वासन पश्चात धरना समाप्त हो सका. इसी तरह नरसिंहगढ़ में भी पुतला दहन कर बयान को लेकर गहरा आक्रोश जताया गया.

विदित है कि अमर्यादित टिप्पणी से जिले भर के समाज बंधुओं में काफी रोष व्याप्त है. ब्यावरा में पीपल चौराहा पर वक्ताओं ने अमर्यादित बयान देने वाले सन्तोष वर्मा पर कड़ी कार्यवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की. इसके बाद पुतला दहन कर समाज बंधु नारे लगाते हुए सिटी पुलिस थाने पहुंचे तथा पुलिस को एफआईआर दर्ज करने आवेदन दिया.

सतत् चलता रहा हनुमान चालिसा पाठ

थाने में एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी को आवेदन देकर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए समाज बंधु थाने के सामने बैठ गये और हनुमान चालिसा पाठ करने लगे. लगभग एक घंटे तक सतत् रुप से हनुमान चालिसा का पाठ चलता रहा.

अधिकारियों ने दिलाया भरोसा, खत्म हुआ प्रदर्शन

करीब एक घंटे तक एफआईआर की मांग को लेकर चले प्रदर्शन के बीच अधिकारीद्वय द्वारा कहा गया कि उनके आवेदन को जांच में लेते हुए गंभीरता से जांच की जाएगी. आवेदन को पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा जा रहा है. वहीं से कोई कार्यवाई संभव है.प्रदेश भर में सभी जगहों पर ज्ञापन लेकर उनको जांच में लिया गया है. इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया. इस दौरान समाज के जनप्र्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, वरिष्ठजन, मातृशक्ति, बड़ी संख्या में समाज के युवा, करणी सेना के सदस्यगण, अन्य समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए.

खिलचीपुर में प्रदर्शन कल

जानकारी के अनुसार खिलचीपुर में आज गुरुवार को अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा. आज दोपहर 1 बजे ब्राम्हण समाज द्वारा पुतला दहन कर थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा.

Next Post

गौहरगंज रेप केस: दुष्कर्मी को फांसी पर लटकाने की मांग को लेकर नगर रहा बंद 

Wed Nov 26 , 2025
सीहोर। हाल ही में गौहरगंज में मासूूम बालिका से दुष्कर्म की शर्मनाक घटना के बाद से लोगों में आक्रोश का उबाल बना हुआ है. इस घटन के विरोध में बुधवार को सकल हिन्दू समाज के आव्हान पर दोपहर दो बजे तक संपूर्ण शहर पूरी तरह बंद रहा. लोगों को चाय- […]

You May Like