शुरुआती बड़ी गिरावट के बाद 121 अंक नीचे बंद हुआ सेंसेक्स

मुंबई, 11 सितंबर (वार्ता) विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच शुक्रवार को सुबह 700 अंक से ज्यादा लुढ़कने के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स अंत में 121 अंक नीचे बंद हुआ। सेंसेक्स में सुबह के समय बड़ी गिरावट थी। एक समय यह 742 अंक उतर गया था, लेकिन बाद में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के नरम पड़ने से इसकी गिरावट काफी कम रह गयी। अंत में यह 120.83 अंक (0.16 प्रतिशत) टूटकर 74,781.76 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 79.70 अंक यानी 0.34 प्रतिशत फिसलकर 23,398.10 अंक पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल करीब तीन प्रतिशत टूटकर 104 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर है। गुरुवार को यह 107 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया था।
वृहत बाजार में भी अधिकतर सूचकांक लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.01 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.58 प्रतिशत टूट गया।

सेक्टर आधारित सूचकांकों में आईटी, बैंकिंग, वित्त और मीडिया समूहों के सूचकांक हरे निशान में रहे। रियल्टी, धातु, ऑटो, तेल एवं गैस और रसायन सेक्टरों में बिकवाली ज्यादा हुई।
एनएसई में जिन 3,638 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,039 के शेयरों में गिरावट और 1,473 के हरे निशान में रहे। अन्य 126 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 19 के शेयरों में गिरावट रही। टाटा स्टील का शेयर 1.67 प्रतिशत उतर गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.33 फीसदी, सनफार्मा का 1.18, बजाज फाइनेंस का 1.13, एनटीपीसी का 1.10, पावरग्रिड का 1.07, एलएंडटी का 1.01, एक्सिस बैंक का 0.99, मारुति सुजुकी का 0.96 और महिंद्रा एंड महिंद्रा का 0.94 प्रतिशत नीचे रहा। भारतीय स्टेट बैंक, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी गिरावट में बंद हुए।
एचडीएफसी बैंक का शेयर 2.02 प्रतिशत की बढ़त में रहा। टेक महिंद्रा में 1.38 फीसदी की तेजी रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटरनल, इंफोसिस, बीईएल, ट्रेंट, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और अडानी पोर्टस के शेयर भी ऊपर रहे। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.93 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 1.18 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.60 प्रतिशत गिर गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.60 फीसदी और जर्मनी का डैक्स 0.57 फीसदी ऊपर था।

.....

Next Post

विदेशी मुद्रा भंडार एक सप्ताह में 44.9 अरब डॉलर बढ़ा, 785 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर

Fri Sep 11 , 2026
मुंबई, 11 सितंबर (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 04 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 44.903 अरब डॉलर के जबरदस्त उछाल के साथ 785.706 अरब डॉलर के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यह लगातार 10वां सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है। इस दौरान इसमें 118 अरब डॉलर […]

You May Like