विदेशी मुद्रा भंडार एक सप्ताह में 44.9 अरब डॉलर बढ़ा, 785 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर

मुंबई, 11 सितंबर (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 04 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 44.903 अरब डॉलर के जबरदस्त उछाल के साथ 785.706 अरब डॉलर के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
यह लगातार 10वां सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है। इस दौरान इसमें 118 अरब डॉलर से अधिक की वृद्धि हुई है। गत 28 अगस्त को समाप्त सप्ताह में यह 11.475 अरब डॉलर बढ़कर 740.803 अरब डॉलर पर रहा था जो उस समय का रिकॉर्ड था।

रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 04 सितंबर को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार में गिरावट आयी है जबकि विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 47 अरब डॉलर से अधिक का जबरदस्त इजाफा हुआ है। आलोय्च सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 47.498 अरब डॉलर बढ़कर 648.168 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गयी। इसमें अमेरिका डॉलर के अलावा जापानी येन, यूरो और ब्रितानी पाउंड भी शामिल हैं। इनके मूल्य का निर्धारण डॉलर की तुलना में इनकी संदर्भ दर के आधार पर होता है।
वहीं, स्वर्ण भंडार एक सप्ताह में 2.594 अरब डॉलर घटकर 113.816 अरब डॉलर रह गया। लगातार छह सप्ताह बढ़ने के बाद इसमें गिरावट आयी है।

केंद्रीय बैंक के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 20 लाख डॉलर बढ़कर 4.916 अरब डॉलर पर पहुंच गयी। विशेष आहरण अधिकार 40 लाख डॉलर घटकर 18.806 अरब डॉलर रह गया। विदेशी मुद्रा भंडार की वृद्धि में रिजर्व बैंक की 08 जून को घोषित स्वैप फैसिलिटी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। इस विशिष्ट अमेरिकी डॉलर-भारतीय रुपया स्वैप फैसिलिटी के तहत एफसीएनआर(बी) जमा, विदेशी वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) और सीमा पार विदेशी मुद्रा उधारी (ओएफसीबी) के जरिए देश में अरबों डॉलर आये हैं। पश्चिम एशिया संकट से ठीक पहले 27 फरवरी 2026 को देश का विदेशी मुद्रा भंडार 728.494 अरब डॉलर पर था जो उस समय का रिकॉर्ड स्तर था। हालांकि 28 फरवरी को पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद घटता हुआ 26 जून को यह 666.933 अरब डॉलर रह गया था। रिजर्व बैंक की स्वैप फैसिलिटी के कारण यह 10 सप्ताह में 118.773 अरब डॉलर बढ़ चुका है।

.....

Next Post

विजय देवरकोंडा ने लॉन्च किया स्किनकेयर ब्रांड 'अनहाइप'

Fri Sep 11 , 2026
मुंबई, 11 सितंबर (वार्ता) अभिनेता विजय देवरकोंडा ने फंक्शनल स्किनकेयर ब्रांड ‘अनहाइप’ लॉन्च किया है। विजय इस ब्रांड के सह-संस्थापक हैं और उन्होंने इसके उत्पादों के निर्माण एवं विकास में शुरुआत से सक्रिय भूमिका निभाई है। ब्रांड का उद्देश्य युवाओं के लिए रोजमर्रा की स्किनकेयर को सरल, प्रभावी और सुलभ […]

You May Like