सतना : शहर सहित जिले के 3 स्थानों पर हुए सडक़ हादसे में जहां एक स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई वहीं एक अन्य युवती और युवक घायल हो गए.प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम सतना नागौद मार्ग पर सितपुरा के निकट एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार युवती को जबरदस्त टक्कर मार दी. वाहन की टक्कर लगने के कारण युवती स्कूटी से उछलकर सडक़ पर जा गिरी. बताया गया कि टक्कर मारने के बावजूद भी वाहन चालक ने रोकने के बजाए गाड़ी आगे बढ़ा दी.
जिसके चलते नीचे पड़ी युवती वाहन की चपेट में आ गई. उक्त मार्ग के आस पास मौजूद लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे भागकर मौके पर पहुंचे. वहां पर एक ओर जहां स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में नजर आई वहीं दूसरी ओर युवती लहुलुहान हालत में बेसुध पड़ी मिली. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गई. आनन-फानन में युवती को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया. लेकिन वहां पर जांच करने पर युवती को मृत घोषित कर दिया गया. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा मृतका की पहचान करने के प्रयास शुरु कर दिए गए.
सर्किट हाउस चौक पर हुआ हादसा
इसी तरह की एक अन्य दुर्घटना मंगलवार की दोपहर शहर के सर्किट हाउस चौक पर उस वक्त देखने को मिली जब एक यात्री बस ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी. बस की टक्कर के चलते युवती बुरी तरह घायल हो गई. जिसे देखते हुए चौराहे पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. इसी तरह की एक अन्य सडक़ हादसा मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरहा में ढल्ला ढाबा के निकट उस वक्त सामने आया जब एक यात्री बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. गंभीर रुप से घायल बाइक सवार को उपचार के लिए सीएचसी मझगवां पहुंचाया गया. जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया
