महू: सोमवार को गोमांस मिलने के बाद मंगलवार को रक्षा संपदा विभाग ने कार्रवाई करते हुए साईं नाथ गार्डन को सील कर दिया है. सोमवार को बजरंग दल ने सिमरोल रेलवे ओवरब्रिज के नीचे स्थित गार्डन नंबर 62 से गोमांस जब्त किया था. गोमांस मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ब्रिज के ऊपर गोमांस रखकर दो घंटे तक चक्काजाम किया था. इसके बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया.
रक्षा संपदा विभाग के अधिकारी प्रेम आनंद ने बताया कि महू छावनी स्थित भारत सरकार, रक्षा मंत्रालय की रक्षा भूमि सर्वे क्रमांक 625, गार्डन नंबर 62 (साईंनाथ गार्डन ) में गोमांस पकाए जाने की शिकायत मिली थी. उन्होंने यह भी बताया कि यह मैरिज गार्डन बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के अवैध रूप से संचालित हो रहा था. इसे मंगलवार को रक्षा संपदा विभाग ने सील कर दिया है और मामले की जांच की जा रही है. कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाने की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
