विरोधाभाष: व्यवसायिक एवं घरेलू कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू

ब्यावरा। करोड़ो में जा पहुंची बकाया बिल राशि की वसूली तथा मीटरों की रीडिंग, उनमें छेड़छाड़ आदि से निपटने हेतु विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अत्याधुनिक तकनीकि पर आधारित स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे है, नगर में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरु कर दिया है. परन्तु अधिकांश जगह पर स्मार्ट मीटरों को लेकर विरोध भी सामने आता रहा है. इन मीटरों से कहीं अधिक तेजी के साथ यूनिट बनने और भारी भरकम बिल आने के संशय को लेकर स्मार्ट मीटरों का विरोध भी कई जगहों पर पूर्व में देखा गया है.

विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे है, किंतु प्रारंभ से ही इन मीटरों को लेकर विरोधाभास होकर उपभोक्ताओं का विरोध भी सामने आया है, अब नगर में भी स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य विद्युत विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से शुरु कर दिया गया है. व्यवसायिक सहित घरेलू कनेक्शन पर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे है.

विदित है कि हाल ही में नगर के विभिन्न जगहों पर लगभग 170 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके है. इनमें 150 व्यवसायिक तथा अन्य घरेलू कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाए गये है. इसके पूर्व मार्च माह में शासकीय कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाए गये थे. सोमवार को शहीद कॉलानी में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य किया जा रहा है.

नगर में लगेंगे 17 हजार मीटर

ब्यावरा नगर में अभी मात्र 170 स्मार्ट मीटर ही लगाए गये है. विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार नगर भर में करीब 17 हजार मीटर लगाए जाएंगे. इनमें व्यवसायिक एवं घरेलू उपभोक्ता शामिल है जिनके यहां स्मार्ट मीटर लगना है. स्मार्ट मीटर लगाने में किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं रहेगा. स्मार्ट मीटर पूरी तरह नि:शुल्क लगाए जा रहे है.

कई जगह हुआ था विरोध

विगत माह पूर्व गुना शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरु किया गया था. उस दौरान वहां उपभोक्ताओं ने यह कहते हुए इसका कड़ा विरोध किया कि इससे कहीं अधिक यूनिट बनकर भारी भरकम बिल आ रहे है. इसका काफी विरोध वहां पर देखने को मिला. हालांकि वर्तमान में वहां पर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी है.

बकायादारों के कनेक्शन ऑन लाइन कटेंगे

स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ता पर यदि भारी भरकम राशि बकाया चल रही है और उनके द्वारा राशि जमा नहीं की जा रही है तो ऐसे में विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा संबंधित बकायादार का विद्युत कनेक्शन ऑन लाइन डिसकनेक्ट कर दिया जाएगा.

स्मार्ट मीटर के फायदे

इसमें उपभोक्ता अपनी प्रतिदिन की रिडिंग और बिल देख सकेंगे, प्रीपेड होने पर जितना चाहेंगे उतने का रिचार्ज करा सकेंगे, स्मार्ट मीटर में बिल गलत होने की संभावना बहुत ही कम रहेगी. अपनी खपत और बिल का डिटेल कहीं से भी ऑन लाइन चेक कर सकते है, स्मार्ट मीटर खराब होने पर इसकी सूचना विभाग को जल्दी चली जाती है तथा घर- दुकान बंद रहने पर लाइट बंद रहेगी तो रिडिंग नहीं बनेगी.

स्मार्ट मीटर के नुकसान

स्मार्ट मीटर के होने वाले नुकसान भी काफी चर्चा में रहे है. मीटर खराब होने पर आपका बिल औसत पर नहीं बनेगा, प्रीपेड होने पर नेटवर्क, सर्वर की समस्या निर्मित होने पर आपकी लाइट रिचार्ज होने के बाद भी चालू नहीं हो पाएगी, बैलेंस निगेटिव होने से पहले रिचार्ज कराना होगा. जहां वर्तमान पुराने मीटर में भुगतान के लिए बिल बनने के बाद 15 दिन का समय मिलता है जबकि स्मार्ट मीटर में पहले भुगतान कर रिचार्ज लेना पड़ेगा. साथ ही बिल की कोई हार्ड कॉपी नहीं मिलेगी.

नगर में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कंपनी के द्वारा किया जा रहा है. फिलहाल व्यवसायिक सहित घरेलू कनेक्शनों पर 170 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके है. नगरीय क्षेत्र में लगभग 17 हजार स्मार्र्ट मीटर लगए जाना है, जैसे-जैसे मीटर आ रहे है उनको लगाने का कार्य कंपनी के द्वारा किया जा रहा है. फिलहाल यह पोस्टपेड रहेंगे.

अजित भुमरकर

एई, विद्युत वितरण कंपनी शहरी क्षेत्र ब्यावरा

Next Post

संतोष वर्मा के ब्राह्मण विरोधी बयान पर बवाल: कर्मचारी संगठनों की चेतावनी दो दिन में कार्रवाई करो

Tue Nov 25 , 2025
भोपाल: मंत्रालय के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और कार्मिक सचिव एम. सेल्वेन्द्रन को ज्ञापन सौंपकर आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि 23 नवंबर को आयोजित अजाक्स संगठन के प्रांतीय अधिवेशन में वर्मा ने सवर्ण समाज […]

You May Like