निमाड़ उत्सव के दूसरे दिन गोटीपुआ और राठ नृत्य की हुई प्रस्तुति 

खरगोन।महेश्वर के देवी अहिल्या घाट पर चल रहे तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव के दूसरे दिन रविवार को विधायक राजकुमार मेव के मुख्य आतिथ्य में गोटीपुआ और राठ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। पुरी से आए श्री चन्द्रमणि प्रधान और समूह ने ओडिशा के पारंपरिक गोटीपुआ नृत्य की प्रस्तुति दी। बड़ौदा के विजयभाई राठवा और साथियों द्वारा गुजराती जनजातीय नृत्य राठ की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में पद्मश्री श्री जगदीश जोशीला की अध्यक्षता में निमाड़ी कवियों द्वारा काव्यपाठ किया गया। इससे पूर्व लाइट एंड साउंड शो की भी प्रस्तुति हुई, जिसका गत दिवस लोकार्पण किया गया था।

श्री प्रधान और समूह के युवकों ने महिलाओं की वेशभूषा धारण कर भगवान जगन्नाथ और श्रीकृष्ण की स्तुति और राधाकृष्ण प्रसंग की प्रस्तुति दी। समूह ने गोटीपुआ की आकर्षक कलाबाजी और मुद्राओं से दर्शकों का मन मोह लिया। श्री राठवा और समूह द्वारा गुजरात के सुप्रसिद्ध जनजातीय नृत्य राठ की प्रस्तुति ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यतः होली या अन्य खुशी के अवसर पर किए जाने वाले इस नृत्य में जनजातीय वाद्ययंत्रों की ताल पर नृतकों ने ऊर्जावान प्रस्तुति दी।

 

कार्यक्रम में निमाड़ी कवियों के काव्यपाठ ने श्रोताओं के बीच ऊर्जा का संचार किया। खरगोन के मोहन परमार, महेश्वर के दिलीप काले, मनावर के राम शर्मा परिंदा, कसरावद के जितेंद्र यादव, जलकोटा के धनसिंह सेन और उमियाधाम करोंदिया के बिहारी पाटीदार गांववाला की हास्य, वीर और भक्ति रस से ओतप्रोत कविताओं का श्रोताओं ने करतल-ध्वनि के साथ आनंद लिया।

Next Post

बैंक ऑफ इंडिया मनासा शाखा का सब स्टाफ 15,000 रुपये की रिश्वत लेते ट्रैप

Mon Nov 24 , 2025
मनासा। लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार विरोधी सख्त निर्देशों के तहत उज्जैन लोकायुक्त इकाई ने शुक्रवार को मनासा में बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक ऑफ इंडिया, शाखा मनासा के सब स्टाफ रुपेश कौशल को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। जानकारी के अनुसार, आवेदक आंचल नागदा पिता […]

You May Like