इंदौर: चोइथराम चौराहे पर शनिवार सुबह ट्रैफिक पुलिस की चैकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट और ब्लैक फिल्म लगी कार से अवैध शराब की पेटी और बीयर कैन बरामद की है. इस दौरान चालक पहले तो पुलिस से बहस करता रहा, लेकिन तलाशी में पूरी सच्चाई सामने आ गई.एसीपी यातायात सुप्रिया चौधरी ने बताया कि चोइथराम चौराहे पर सूबेदार सुमित बिलोनिया और उनकी टीम यातायात प्रबंधन एवं वाहन जांच में जुटी थी.
इसी दौरान नीले रंग की आई-20 कार जिसे नंबर प्लेट नहीं लगी थी और जिस पर ब्लैक फिल्म चढ़ी थी, टीम ने रोकने का संकेत दिया. चालक ने वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता से कार को कुछ ही दूरी पर रुकवा लिया. पूछताछ में चालक सहयोग करने के बजाय अनावश्यक बहस करने लगा, जिससे टीम को उस पर और संदेह हुआ. वाहन की तलाशी लेने पर कार में 12 बॉटल यानि एक पेटी अवैध शराब और 24 बीयर कैन रखे मिले. उसके बाद कार, बरामद शराब और चालक को बीट चोइथराम के माध्यम से थाना राजेंद्र नगर भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया है.
