रश्मि देसाई ने तुम हो ना में बॉडी शेमिंग झेल रहीं कंटेस्टेंट बीना का हौसला बढ़ाया। रश्मि ने कहा कि लोगों की बातों से डरकर सपनों को छोड़ना नहीं चाहिए।
एक्टर राजीव खंडेलवाल के होस्टिंग शो ‘तुम हो ना’ के आने वाले एपिसोड में एक भावुक और प्रेरणादायक कहानी देखने को मिलेगी। इस एपिसोड में एक्ट्रेस रश्मि देसाई खास मेहमान के तौर पर नजर आएंगी, जहां उन्होंने बॉडी शेमिंग का सामना कर रहीं कंटेस्टेंट बीना का हौसला बढ़ाया।
शो में बीना ने खुलकर बताया कि उन्हें अपने बढ़े हुए वजन की वजह से समाज के तानों और बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ता है। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि वह इन बातों से टूटना नहीं चाहतीं और अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार आगे बढ़ रही हैं। बीना ने कहा कि मेरे लिए डांस सिर्फ एक कला नहीं, बल्कि एक इमोशन है। मैं मानती हूं कि डांस शरीर से नहीं, दिल से होता है।
रश्मि देसाई हुई भावुक
बीना की बातें सुनकर रश्मि देसाई काफी भावुक हो गईं। उन्होंने बीना को प्रेरित करते हुए कहा कि लोगों की सोच और तानों से खुद को रोकना कभी सही नहीं होता। रश्मि ने कहा कि दुनिया में लोग हमेशा कुछ न कुछ बोलते रहेंगे। अगर उनके पास किसी इंसान के बारे में कहने को कुछ नहीं होगा, तो वे कोई दूसरा मुद्दा ढूंढ लेंगे। इसलिए यह सोचना छोड़ दीजिए कि लोग क्या कहेंगे।
आप अपनी बेटी के लिए प्रेरणा हैं
रश्मि देसाई ने बीना की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपनी बेटी के लिए एक बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि जब एक मां मुश्किल हालात में भी अपने सपनों के लिए लड़ती है, तो उसका असर बच्चों पर भी पड़ता है। इसलिए कभी हार मत मानिए। रश्मि ने कहा कि छोटे शहरों और कस्बों में लोग अक्सर दूसरों की जिंदगी पर ज्यादा टिप्पणी करते हैं, क्योंकि वहां सोच का दायरा सीमित होता है। लेकिन हर इंसान को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का अधिकार है।
महिलाओं को सपने नहीं छोड़ने चाहिए
रश्मि ने कहा कि परिवार और बच्चों को प्राथमिकता देना गलत नहीं है, लेकिन महिलाओं को खुद को पूरी तरह भूल जाना भी सही नहीं। अपने सपनों और पहचान को जिंदा रखना बेहद जरूरी है। रश्मि ने अपने परिवार का जिक्र करते हुए बताया कि उन्हें हमेशा अपने भाई और परिवार का सपोर्ट मिला, जिसने उन्हें जिंदगी में आगे बढ़ने की ताकत दी।
