जीएनटी मार्केट के लकड़ी पीठों में रात भर भड़की आग, करोड़ों का सामान राख

इंदौर. लाबरिया भेरू के पास स्थित जीएनटी मार्केट में देर रात दो बड़े लकड़ी के पीठों में अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी तेज थी कि आसपास के क्षेत्र में लपटें दूर तक दिखाई देती रहीं. फायर ब्रिगेड की टीम को काबू में करने में पूरी रात लग गई.

जीएनटी मार्केट में देर रात भीषण आग से दो फर्नीचर पीठों का भारी नुकसान हुआ. घटना रात करीब 2 बजे सामने आई, जब बाजार में मौजूद लोगों ने लपटें देख तुरंत पीठा संचालकों और फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को सूचना दी. लाबरिया भेरू कलाली के पास फारुकी मोहम्मद याकूब की करीब 15–20 हजार वर्गफुट जगह पर मोनिशा सरफराज द्वारा संचालित हाजी मोहम्मद याकूब पीठा और हीरालाल विश्वकर्मा का प्रिया फर्नीचर स्थित हैं. यहां सागौन की लकड़ी से खिड़की-दरवाजे और अन्य फर्नीचर सामग्री तैयार की जाती है. दोनों पीठों में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में बड़े क्षेत्र को घेर लिया. सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शिवनारायण शर्मा फायर ब्रिगेड की 25 सदस्यीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पूरे मार्केट में लकड़ी के अन्य पीठे होने से आग फैलने का खतरा था, इसलिए रातभर विशेष सतर्कता के साथ ऑपरेशन चलाया. टीन शेड गिर जाने से आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था. टीम ने जेसीबी बुलवाकर शेड हटवाया और लगातार पानी डालते हुए सुबह 7.30 बजे आग को पूरी तरह बुझाया. आग बुझाने में करीब तीन लाख लीटर पानी खर्च हुआ. मौके पर धुआं इतना घना था कि पूरे क्षेत्र में दृश्यता कम हो गई. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट आग का प्रमुख कारण माना जा रहा है. पीठों में रखी तैयार सामग्री, लकड़ी और उपकरण जलकर राख हो गए. नुकसान का आंकलन करोड़ों में होने का अनुमान है.

Next Post

मैनिट में 22 वें दीक्षांत समारोह में 1600 विद्यार्थियों को मिली डिग्री

Sat Nov 22 , 2025
भोपाल। मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में 22 वां दीक्षांत समारोह शनिवार को संपन्न हुआ। समारोह में कुल 1600 विद्यार्थियों को विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की डिग्रियां प्रदान की गईं। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डीजीपी कैलाश मकवाना शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने सभी विधार्थियों को […]

You May Like