
नई दिल्ली, 22 नवंबर, 2025: दुबई एयर शो के दौरान शुक्रवार को हुए तेजस फाइटर जेट हादसे में भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर नमन स्याल शहीद हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश के वीर सपूत नमन की शहादत से पूरा देश शोक में है। नमन के पिता, जगन नाथ स्याल (रिटायर्ड स्कूल प्रिंसिपल), ने बताया कि उन्हें बेटे की मौत की खबर यूट्यूब के जरिए मिली। नमन ने एक दिन पहले ही उनसे अपनी परफॉर्मेंस टीवी या यूट्यूब पर देखने को कहा था। शाम करीब 4 बजे, जब पिता वीडियो ढूंढ रहे थे, तभी उन्हें क्रैश की खबर दिखी और पूरा परिवार सदमे में आ गया।
पत्नी भी विंग कमांडर, कोयंबटूर पहुँचे अधिकारी
नमन के पिता ने तुरंत अपनी बहू को फोन किया, जो खुद भी विंग कमांडर हैं और कोलकाता में ट्रेनिंग कर रही हैं। कुछ ही देर बाद, छह वायुसेना अधिकारी कोयंबटूर स्थित उनके घर पहुँचे, जहाँ नमन के माता-पिता अपनी 7 वर्षीय पोती की देखभाल कर रहे थे। अधिकारियों को देखकर जगन नाथ स्याल समझ गए कि उनके बेटे के साथ कुछ बहुत बुरा हुआ है। नमन की माँ, वीना स्याल, गहरे सदमे में हैं और बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
वीर सपूत को श्रद्धांजलि, पार्थिव शरीर में दो दिन
विंग कमांडर नमन स्याल 2009 में एनडीए पास करने के बाद वायुसेना में शामिल हुए थे। नमन के पिता ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि “वह पढ़ाई में बहुत तेज और बड़े सपने देखने वाला बच्चा था” और उनकी शहादत ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि पार्थिव शरीर को लाने की प्रक्रिया में करीब दो दिन का समय लग सकता है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र ने एक साहसी और कर्तव्यनिष्ठ योद्धा खो दिया।
