चिली की पूर्व राष्ट्रपति मिशेल बैचलेट को इंदिरा गांधी पुरस्कार देना भारत का अपमान:भाजपा

नयी दिल्ली, 21 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि कश्मीर और अनुच्छेद 370 पर भारत की संप्रभुता पर सवाल उठाने वाली और देश विरोधी बयान देने वाली चिली की पूर्व राष्ट्रपति मिचेल बैचेलेट को इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार प्रदान करना भारत विरोधी तथा देश का अपमान है। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शुक्रवार को यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश विरोधी बयान देने वाली चिली की पूर्व राष्ट्रपति को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की मौजूदगी में इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार प्रदान किया जाना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुये कहा कि उसकी रग रग में भारत विरोधी खून बह रहा है।

श्री भाटिया ने कहा कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि कांग्रेस का डीएनए मुस्लिम-माओवादी हो गया है। इसमें अराजकता के प्रतीक माओवादी हैं और ये कानून की आधारशिला और हमारी संप्रभुता को नष्ट करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का एक माओवादी संगठन की तरह कार्य करना और अपना नेटवर्क विदेश में भी फैलाना बेहद ही चिंताजनक बात है।
श्री भाटिया ने कहा कि पहले इल्हान उमर, जॉर्ज सोरास और अब मिशेल, ये साफ दर्शाता है कि ये एक पैटर्न है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब खुलकर सामने आ गयी हैं और भारत के लोकतंत्र तथा संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है।

श्री भाटिया ने कहा कि श्रीमती गांधी ने इस पुरस्कार को देकर हर भारतीय का अपमान किया है। उन्होंने यह भी कहा कि मिशेल बैचेलेट भारत की नागरिक भी नहीं हैं, फिर भी उन्होंने सीएए के खिलाफ याचिका दायर की और दावा किया कि यह कानून मानवाधिकारों को नुकसान पहुंचायेगा।

Next Post

थोक जिंस बाजार में चावल, गेहूं मजबूत; दालों में नरमी; खाद्य तेलों में घट-बढ़

Fri Nov 21 , 2025
नयी दिल्ली, 21 नवंबर (वार्ता) दिल्ली थोक जिंस बाजार में उठाव अच्छा रहने से शुक्रवार को चावल के भाव बढ़ गये। गेहूं में भी तेजी रही जबकि चीनी के दाम लगभग गत दिवस के स्तर पर ही स्थिर रहे। दालों के भाव उतर गये। वहीं, खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव रहा। […]

You May Like

Play sound