खिलचीपुर में किसानों ने हाईवे पर लगाया जाम, पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से आक्रोशित हुए किसान

खिलचीपुर /ब्यावरा। खिलचीपुर स्थित मांडाखेड़ा जोड़ के यहां बिजली नहीं मिलने की समस्या को लेकर गुरुवार की दोपहर को हाईवे पर जाम लगा दिया गया. लगभग 50 गांवों के किसान बिजली समस्या को लेकर यहां एकत्रित हुए. करीब एक घंटे तक जाम रहा.

एक बार फिर गुरुवार को बिजली संकट को लेकर आक्रोश देखा गया. खिलचीपुर के सोमवारिया स्थित मांडाखेड़ा जोड़ के यहां हाईवे पर गुरुवार दोपहर लगभग 1.35 बजे जाम लगा दिया. बड़ी संख्या में यहां करीब 50 गांवों के किसान मौजूद रहे. किसान हाईवे पर बैठ गये और सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली न मिलने के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए हाईवे जाम कर दिया.

अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम

किसानों का कहना है कि दस घंटे सिंचाई के लिए बिजली देने का प्रावधान है किंतु उन्हें बहुत ही कम समय तक बिजली मिल पा रही है, जिसके कारण वह सिंचाई तक नहीं कर पा रहे है. मौके पर पहुंचे खिलचीपुर तहसीलदार, जेई के द्वारा पर्याप्त बिजली देने के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कर दिया गया. जेई के अनुसार इन क्षेत्र में सतनखेड़ी से बिजली सप्लाई आ रही है वहां पर फाल्ट होने के कारण बिजली सप्लाई में व्यवधान हो रहा था. अब पूरी तरह बिजली सप्लाई सुचारु हो सकेगी. आश्वासन के बाद दोपहर करीब 2.25 बजे जाम समाप्त कर दिया गया.

वाहनों की लगी लम्बी कतार

देखते ही देखते दोनों और वाहनों की लम्बी कतारे लग गई. जानकारी लगते ही खिलचीपुर तहसीलदार विनीत गोयल, टीआई उमाशंकर मुकाती टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन किसान अपनी मांग पर अडिग रहे. भोजपुर टीआई मनीष शर्मा, राजगढ़ कोतवाली टीआई अखिलेश वर्मा और जीरापुर टीआई रवि ठाकुर भी मौके पर पहुंचे.

यात्रियों को हुई परेशानी

जाम के कारण मार्ग के दोनों और बसे व अन्य यात्री वाहन, ट्रक सहित बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे. काफी देर तक जाम के कारण यात्रियों, वाहन चालको को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

कभी बिजली तो कभी पानी की परेशानी

विगत कुछ दिनों से जिले में कभी पर्याप्त बिजली नहीं मिलने तो कहीं पर पानी नहीं मिलने के कारण होने वाली परेशानी को लेकर आंदोलन, चक्काजाम कर आंदोलन का सिलसिला चल रहा है. बिजली और पानी नहीं मिलने से सिंचाई नहीं हो पा रही है. संबंधित विभाग के जिम्मेदारों को कई बार अवगत कराने के बाद भी जब समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है तो मजबूरन किसानों को आंदोलन करना पड़ रहा है. एक बार फिर गुरुवार को खिलचीपुर के यहां बिजली को लेकर हाईव पर जाम लगा दिया गया.

Next Post

यादें अर्जुन सिंह समारोह की सफलता पर अजय सिंह राहुल ने टीम को किया सम्मानित

Thu Nov 20 , 2025
भोपाल।पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की स्मृति में आयोजित “यादें अर्जुन सिंह अलंकरण एवं अखिल भारतीय मुशायरा” के सफल आयोजन के बाद पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक अजय सिंह राहुल भैया ने सहयोगी टीम को सम्मानित कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष साबिस्ता जकी, ग्वालियर से […]

You May Like