वाशिंगटन, 20 नवंबर (वार्ता) पुर्तगाली फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने व्हाइट हाऊस में सऊदी प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के लिए आयोजित स्टेट डिनर मे उन्हें और उनकी मंगेतर जॉर्जिना रोड्रिगेज को बुलाये जाने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है।
रोनाल्डो ने ट्रंप के साथ अपनी और जॉर्जिना रोड्रिगेज की फोटो सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “मिस्टर प्रेसिडेंट, आपके निमंत्रण और आपने और प्रथम महिला ने मुझे और मेरी होने वाली पत्नी जॉर्जिना का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया, उसके लिए धन्यवाद। हममें से हर किसी के पास समाज को देने के लिए कुछ ना कुछ है और मैं अपनी ओर से पूरा प्रयास करुंगा। क्योंकि हम नई पीढ़ियों को हिम्मत, जिम्मेदारी और हमेशा रहने वाली शांति से तय भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।”
इस दौरान ट्रंप ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा, बैरन, अल नस्र फॉरवर्ड का फैन है। उन्होंने कहा, “आप जानते हैं कि मेरा बेटा क्रिस्टियानो रोनाल्डो का बहुत बड़ा फैन है. और बैरन को उनसे मिलने का मौका मिला और इस बात से मुझे लगता है कि इससे घर में मेरी इज्जत और बढ़ गई है।” यह सुनकर सभी लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई।

