
रीवा। कलेक्टर के आदेश पर अवैध रूप से मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत परिवहन विभाग ने लगातार दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई की। बुधवार को सिरमौर चौराहा, टीआरएस चौराहा और स्टेडियम रोड के पास सड़क किनारे दुकानें खोलकर व्यवसाय कर रहे तीन मॉडिफाइड वाहनों को जप्त कर परिवहन कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया। परिवहन विभाग की टीम ने इन वाहनों में किए गए अवैध मॉडिफिकेशन के लिए चालानी कार्रवाई की। जब्त वाहनों में एक ई-रिक्शा और दो अन्य मॉडिफाइड वाहन शामिल हैं, जिन्हें सामान बेचने के लिए दुकान के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर रीवा के निर्देश पर शहर में अवैध मॉडिफाइड वाहनों और अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पिछले 24 घंटे में अब तक 7 वाहनों पर कार्रवाई हो चुकी है और आगे भी सख्ती बरती जाएगी।
