
सीधी। सीधी स्थित रेलवे स्टेशन में जारी निर्माण कार्यों की प्रगति का आज स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने अधूरे कार्यों की स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता और कार्य गति का बारीकी से मूल्यांकन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि स्टेशन विकास कार्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा से जुड़ा है इसलिए इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना बेहद आवश्यक है। सांसद ने निर्देश देते हुए बताया कि यात्री सुविधाओं को बढ़ाने और स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने के लिए चल रहे कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संकेत दिया कि निर्माण की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार ही पूरे किए जाएं। इस निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने सांसद को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही स्टेशन को बेहतर सुविधाओं के साथ जनता के लिए तैयार किया जाएगा। सीधी रेलवे स्टेशन के उन्नयन को लेकर लोगों में लंबे समय से उत्साह है और आज के निरीक्षण से उम्मीद बढ़ी है कि आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक स्टेशन की सौगात मिलेगी।
निरीक्षण में इनकी रही उपस्थिति
मुख्य रूप से शत्रुधन पटेल, जेडआरयूसीसी सदस्य डॉ.विक्रम सिंह, टीएसी सदस्य प्रमोद द्विवेदी तथा डिप्टी सीई अभिलीस कुमार मीना सहित रेलवे विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे। सभी ने मिलकर स्टेशन परिसर में चल रही गतिविधियों पर चर्चा की और आवश्यक सुधार बिंदुओं को चिन्हित किया।
