ग्वालियर: जिले में खतरनाक लम्पी वायरस फैलने के बाद प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है। साथ ही लगातार निगरानी रखी जा रही है। उप संचालक पशुपालन ने बताया कि संक्रमण की आशंका को देखते हुए बंधोली ग्राम की गौशाला में आइसोलेशन सेंटर स्थापित किया गया है। यहां बीमार पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात की गई है।
टीम के प्रत्येक सदस्य को आइसोलेशन सेंटर पहुंचकर बीमार पशुओं का उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस सेंटर के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी पशु चिकित्सालय उटीला के डॉ. देव प्रकाश शाक्य को तथा सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी पशु चिकित्सालय हस्तिनापुर डॉ. नीलम सुमन को सौंपी गई है।
लंपी वायरस को ध्यान में रख कर ग्वालियर जिले में गौ-वंशीय पशुओं का टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अब तक जिले में 32 हजार 600 गौ-वंश को टीका लगाया जा चुका है।
