नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चुनाव आयोग एक साजिश के तहत पूरे देश में मतदाता सूची पुनरीक्षण करवा रहे हैं और फिर इसे उपकरण की तरह इस्तेमाल कर इसके जरिए ‘वोट चोरी’ का काम करवाया जा रहा है।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज एक्स पर एक पोस्ट में सोमवार को कहा “चुनाव आयोग और प्रधानमंत्री एक साजिश के तहत पूरे देश में मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम कराने में लगे हुए हैं। ये जगजाहिर है कि पुनरीक्षण वो उपकरण है जिसका इस्तेमाल ‘वोट चोरी’ के लिए किया जाता है। लेकिन..अब चिंताजनक खबरें सामने आ रही हैं।”
पार्टी ने इस काम के जरिए कर्मचारियों पर काम का दबाव अत्यधिक बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा “मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े बीएओ अलग-अलग राज्यों में आत्महत्या कर रहे हैं, जो बेहद दुखद है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने अनैतिक काम के लिए बीएलओ पर दबाव बनवा रहे हैं जो सरासर गलत है।”
इसके साथ ही पार्टी ने एक फोटो भी शेयर किया है जिसमें लिखा है वोटर लिस्ट रिवीजन केरल और राजस्थान में बीएलओ ने खुदकशी की-परिवार बोले काम का दबाव था, 12 राज्यों में अब तक 49 करोड़ फार्म बंटे।”
