घटनास्थल का आला अधिकारियों ने किया निरीक्षण
शक्तिनगर:ओबरा क्षेत्र के बिल्ली खनन क्षेत्र में स्थित कृष्णा माइनिंग वर्क्स में बीते दिन शनिवार को धसकी, खदान का मलवा हटाने का कार्य आज दिन रविवार को भी जारी रहा। इस दौरान एक मृतक का शव बरामद किया गया। जिसकी पहचान 28 वर्षीय राजू सिंह गौड़ पुत्र त्रिवेणी सिंह गौड़ निवासी टोला अमरिनिया के रूप में की गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। वहीं मलवे के नीचे दबे मजदूरों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
कृष्णा माइंस वर्क्स के खदान में पत्थर के दरकने से हुये हादसे के बाद प्रशासन रेस्क्यू करने में पूरी ताकत झोंक दिया है। इधर इस मामले में छोटू यादव पुत्र सोभ नाथ यादव ग्राम कर्मसार द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कृष्णा माइनिंग वर्क्स के मालिक तथा मधुसूदन सिंह व दिलीप केसरी के खिलाफ सुसंगत धाराओ में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। एसपी द्वारा घटना में शामिल आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए एक टीम भी बनाई गई है। जहां आज दिन रविवार को घटना स्थल का निरीक्षण कमिशनर राजेश प्रकाश, आईजी आरपी सिंह सहित कई अधिकारियों द्वारा किया गया।
मौके पर पहुंचे उच्च अधिकारियों द्वारा रेस्क्यू टीम को सुरक्षित तरीके से जल्द मलवा हटाने का निर्देश भी दिया गया। वही मौके पर मौजूद परिजनों को आश्वासन भी दिया गया कि जल्द राहत और बचाव कार्य का काम पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि रेस्क्यू टीम में लगी पोकलेन मशीनों को कार्य करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते सावधानी पूर्वक रेस्क्यू कार्य किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि पूरा मलवा हटाने में दो से तीन दिन का समय भी लग सकता है।
