भोपाल: पिपलानी थाना पुलिस ने अबतक की कार्रवाई में 500 रू. के नकली नोट छापने वाले आरोपी विवेक के घर से करीब 25 लाख नकली नोट बनाने का मटेरियल बरामद किया है. विवेक ने जिन दुकानों से यह मटेरियल खरीदे और मंगाए थे. पुलिस अब उन स्थानों की भी जानकारी जुटाते हुए कार्रवाई कर सकती है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी के बयान के अनुसार अब तक उसने बाजार में 5 लाख रूपए से अधिक नकली नोट खपाए है. आरोपी विवेक अपने इस काम को राज ही रखना चाहता था. इस कारण से वह बाजार में अकेले ही नोट खपाने के लिए पहुंचता था.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह छोटे दुकानदारों को ज्यादा टारगेट करता था. दुकानों पर एक नोट को चलाने के लिए वह करीब 50 रूपए से अधिका का सामान खरीदता था. वह हर रोज सीमीत संख्या में ही नकली नोट लेकर निकलता था. भोपाल के अलावा आरोपी विवेक दूसरे जिलों का दौरा करते हुए भी नकली नोटों को खपाता था. विवेक ने शुरूआत में नकली नोटों के ही जरिए अपने लिए जरूरी सामान खरीदे. इसके बाद आरोपी को लगा कि वह ऐसा करता रहेगा और कभी पक़ड़ा नहीं जाएगा. आरोपी की करतूत धीरे-धीरे सामने आई, जिसके बाद उसके बारे में जानकारी पुलिस तक पहुंची और वह पकड़ा गया.
आरोपी विवेक ने पुलिस को बताया है कि वह मूलतः यूपी का रहने वाला है. शहर के करोंद इलाके में वह रहता है. नकली नोट बनाने का आइडिया उसके दिमाग में आने के बाद उसने इस पर काम करना शुरू किया. असली नोट से नकली नोट पूरी तरह से मैच करे, इसके लिए उसने हर तरह की स्टड़ी की और वीडियो देख कर सभी मटेरियल की व्यवस्था की. असली नोट की तरह ही उसने नकली नोट को डिजाइन किया और नोट की परख करने वाले लोग क्या ध्यान देते हैं. विवेक ने वह सभी चीजों की खानापूर्ति की. बता दें कि आरोपी को पिपलानी थाना पुलिस ने शुक्रवार को नोट चलाते हुए रंगेहाथ पकड़ा और नोट को बरामद करते हुए कार्रवाई शुरू की. आरोपी विवेक से लगातार पूछताछ की जा रही है.
